1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रचिन रवींद्र के शतक से न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को हराया, सेमीफाइनल में मारी एंट्री

रचिन रवींद्र के शतक से न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को हराया, सेमीफाइनल में मारी एंट्री

न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को पांच से विकेट से हरा दिया। इस मैच में न्यूजीलैंड के लिए गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया। जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।

रचिन रवींद्र और टॉम लैथम- India TV Hindi
Image Source : AP रचिन रवींद्र और टॉम लैथम

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में 24 फरवरी को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में टूर्नामेंट का छठा मुकाबला बांग्लादेश और न्यूजीलैंड की टीम के बीच खेला गया, जिसमें न्यूजीलैंड ने पांच विकेट से जीत दर्ज कर ली। मैच में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने टॉस जीतने के बाद गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बैटिंग करते हुए बांग्लादेश ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 236 रन बनाए। इसके बाद न्यूजीलैंड ने रचिन रवींद्र के शतक की बदौलत आसानी से टारगेट हासिल कर लिया और सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया। 

रचिन रवींद्र ने लगाया दमदार शतक

न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जब विल यंग बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद केन विलियमसन भी 5 रन बनाकर आउट हो गए। कीवी टीम ने 15 रनों पर ही दो विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में लग रहा था बांग्लादेश की टीम न्यूजीलैंड को कड़ी टक्कर देगी, लेकिन ऐसा हो नहीं सका। इसके बाद रचिन रवींद्र और टॉम लैथम ने शानदार बल्लेबाजी की। इन दोनों प्लेयर्स ने बांग्लादेश से मैच छीन लिया। रचिन ने 105 गेंदों में 112 रन बनाए। वहीं लैथम ने 55 रनों का योगदान दिया। 

बांग्लादेश के गेंदबाज रहे फ्लॉप

बांग्लादेश के गेंदबाज बुरी तरह से फ्लॉप रहे। तस्कीन अहमद, नाहिद राणा, मुस्तफिजुर रहमान और रियाद हुसैन ने एक-एक विकेट लिया, लेकिन ये प्लेयर्स कुछ खास प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। 

माइक ब्रेसबेल ने हासिल किए चार विकेट

बांग्लादेश के लिए कप्तान नजमुल हसन शांतो ने सबसे ज्यादा 77 रन बनाए। जेकर अली 45 रन बनाकर रन आउट हुए। इन दोनों के अलावा बाकी के बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक पाए और पूरी टीम सिर्फ 236 रन ही बना सकी। न्यूजीलैंड के लिए माइकल ब्रेसवेल ने 4 विकेट झटके।

न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में मारी एंट्री

न्यूजीलैंड के मैच जीतते ही भारत और न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया। वहीं बांग्लादेश और पाकिस्तान की टीमें सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई हैं। 

यहां पर देखिए बांग्लादेश बनाम न्यूजीलैंड के बीच मैच का लाइव स्कोर

Latest Cricket News