BAN vs PAK 2nd ODI: पाकिस्तान की टीम जो इस वक्त तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलने के लिए बांग्लादेश के दौरे पर है उन्होंने सीरीज के दूसरे मुकाबले को डकवर्थ लुईस नियमानुसार 128 रनों से अपने नाम करने साथ सीरीज को 1-1 की बराबरी पर ला दिया है। सीरीज का दूसरा वनडे मैच मीरपुर के शेरे ए बांग्ला स्टेडियम में खेला गया जिसमें बांग्लादेश की टीम ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला लिया था। पाकिस्तानी टीम की तरफ से एकबार फिर से काफी खराब बल्लेबाजी प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें वह 47.3 ओवर्स में 274 रन बनाकर सिमट गई है। पाकिस्तान की तरफ से बल्लेबाजी में माज सदाकत ने 75 रनों की तो सलमान आगा ने 64 रनों की पारी खेलकर टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। बांग्लादेश की तरफ से गेंदबाजी में रिशाद हुसैन ने सबसे ज्यादा तीन विकेट हासिल किए तो वहीं इसके अलावा मेहदी हसन मिरान ने 2 जबकि तस्कीन अहमद, नाहिद राणा और मुस्तफिजुर रहमान 1-1 विकेट लेने में कामयाब रहे।
बांग्लादेश की टीम जब 275 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी तो उनकी शुरुआत काफी खराब देखने को मिली जिसमें उन्होंने 15 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद मुकाबले में बारिश का खलल देखने को मिला जिसके बाद जब खेल फिर से शुरू हुआ तो बांग्लादेश की टीम को डकवर्थ लुईस नियमानुसार 32 ओवर्स में 243 रनों का टारगेट दिया गया। बांग्लादेश की टीम इस लक्ष्य का पीछा करते हुए 23.3 ओवर्स में सिर्फ 114 रनों के स्कोर पर ही सिमट गई, जिसमें उनकी तरफ से सिर्फ लिटन दास ही 41 रनों की पारी खेलने में कामयाब हो सके। पाकिस्तान की तरफ से गेंदबाजी में हारिस रऊफ और माज सदाकत ने जहां 3-3 विकेट हासिल किए तो वहीं शाहीन अफरीदी ने 2 जबकि मोहम्मद वसीम जूनियर और फहीम अशरफ 1-1 विकेट लेने में कामयाब रहे। अब दोनों टीमों के बीच इस वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला 15 मार्च को खेला जाएगा।
दूसरे वनडे मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग XI
बांग्लादेश: सैफ हसन, तंजीद हसन तमीम, नजमुल हुसैन शान्तो, लिट्टन दास (विकेटकीपर), मेहदी हसन मिराज (कप्तान), तौहीद हृदोय, अफीफ हुसैन, तस्कीन अहमद, रिशाद हुसैन, मुस्तफिजुर रहमान, नाहिद राणा
पाकिस्तान: साहिबजादा फरहान, माज़ सदाकत, शमील हुसैन, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), सलमान आगा, हुसैन तलत, अब्दुल समद, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी (कप्तान), मोहम्मद वसीम जूनियर, हारिस रऊफ
Latest Cricket News