A
Hindi News खेल क्रिकेट BAN vs WI: ढाका में खेला गया रोमांचक मुकाबला, बांग्लादेश के क्रिकेट के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा

BAN vs WI: ढाका में खेला गया रोमांचक मुकाबला, बांग्लादेश के क्रिकेट के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा

BAN vs WI, 2nd ODI: ढाका में खेले गए दूसरे ODI मैच में बांग्लादेश को हार का सामना करना पड़ा। वेस्टइंडीज ने सुपर ओवर में मेजबान टीम को मात दी।

BAN vs WI- India TV Hindi Image Source : @BCBTIGERS बांग्लादेश

BAN vs WI: ढाका के मीरपुर स्टेडियम में खेले गए तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच रोमांचक जंग देखने को मिली। मुश्किल पिच पर खेले गए इस लो-स्कोरिंग मैच में दोनों टीमें 213-213 रन पर सिमट गईं। आखिरी ओवर में वेस्टइंडीज को जीत के लिए पांच रन चाहिए थे, लेकिन सैफ हसन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ चार रन ही दिए, जिससे मैच टाई हो गया।

सुपर ओवर में वेस्टइंडीज ने रचा इतिहास

मैच टाई होने के बाद परिणाम सुपर ओवर से निकला, जहां कैरेबियाई टीम ने बेहतर संयम दिखाते हुए 1 रन से जीत दर्ज की और सीरीज में 1-1 से बराबरी हासिल की। सुपर ओवर में शे होप, शेरफेन रदरफोर्ड और ब्रैंडन किंग की आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत वेस्टइंडीज ने 6 गेंदों में 10 रन बनाए। इसके जवाब में बांग्लादेश टीम वेस्टइंडीज के गेंदबाज अकील हुसैन के खिलाफ सिर्फ 9 रन ही बना सकी, जिससे मुकाबला कैरेबियाई टीम के नाम रहा।

बांग्लादेश के इतिहास में पहली बार टाई मुकाबला

यह मैच बांग्लादेश क्रिकेट इतिहास में एक यादगार पल बन गया, क्योंकि यह उनका पहला टाई मैच था। बांग्लादेश ने अब तक 814 इंटरनेशनल मुकाबले (454 वनडे, 154 टेस्ट और 206 T20I) खेले हैं, लेकिन इससे पहले कभी कोई मैच टाई नहीं हुआ था। वहीं, वेस्टइंडीज के लिए यह 12वां टाई मुकाबला था, जिनमें 1 टेस्ट और 11 ODI शामिल हैं।

शे होप की कप्तानी पारी से जूझा वेस्टइंडीज

वेस्टइंडीज की ओर से कप्तान शे होप ने जिम्मेदारी से खेलते हुए 67 गेंदों पर नाबाद 53 रन बनाए। उन्होंने पारी को संभालते हुए 4 चौके लगाए और टीम को मैच में बनाए रखा। इसके अलावा जस्टिन ग्रेव्स (26 रन) और अकील हुसैन (16 रन) ने भी अहम योगदान दिया।

रिषाद हुसैन ने खेली विस्फोटक बल्लेबाजी

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 213 रन बनाए। टीम के लिए सौम्या सरकार ने 45 रन की पारी खेली, जबकि युवा ऑलराउंडर रिशद हुसैन ने 14 गेंदों पर 39 रन की तूफानी पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। तीन मैचों की यह सीरीज अब 1-1 की बराबरी पर है और अब दोनों टीमों के बीच तीसरी और निर्णायक मुकाबला ढाका में खेला जाएगा, जो सीरीज का विजेता तय करेगा।

यह भी पढ़ें

आखिरी ओवर में हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा, सुपर-ओवर में पहुंचा मैच, जैसे-तैसे वेस्टइंडीज को मिली जीत

लगता है अब अंजाम भुगत कर ही मानेंगे मोहसिन नकवी! BCCI के मेल पर दिया ऐसा जवाब

Latest Cricket News