A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. BCB का बड़ा एक्शन, पूर्व क्रिकेटर पर लगाया बैन, जहानारा ने लगाया था यौन उत्पीड़न का आरोप

BCB का बड़ा एक्शन, पूर्व क्रिकेटर पर लगाया बैन, जहानारा ने लगाया था यौन उत्पीड़न का आरोप

बांग्लादेश क्रिकेट से बड़ी खबर सामने आई है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड यानी BCB ने पूर्व क्रिकेटर मंजुरुल इस्लाम पर बैन लगा दिया है।

BCB - India TV Hindi
Image Source : AFP बांग्लादेश क्रिकेट

बांग्लादेश क्रिकेट ने बड़ा कदम उठाया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने पूर्व क्रिकेटर मंजुरुल इस्लाम पर बैन लगा दिया है। मंजुरुल इस्लाम पर क्रिकेट से जुड़ी सभी गतिविधियों में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल होने पर प्रतिबंध लगाया गया है। यह फैसला 22 फरवरी को बोर्ड मीटिंग में लिया गया। बांग्लादेश महिला टीम की पूर्व कप्तान जहानारा आलम द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच रिपोर्ट के आधार पर  यह कार्रवाई की गई है। जहानारा ने आरोप लगाया था कि 2022 वर्ल्ड कप के दौरान मंजुरुल इस्लाम ने उनके साथ यौन उत्पीड़न किया।

स्वतंत्र जांच समिति की रिपोर्ट में क्या निकला?

BCB ने मामले की जांच के लिए एक स्वतंत्र जांच समिति गठित की थी। समिति ने वरिष्ठ खिलाड़ी द्वारा लगाए गए चार आरोपों की समीक्षा की। इनमें से दो आरोपों की पुष्टि उपलब्ध सबूतों से नहीं हो सकी, जबकि शेष दो मामलों में तत्कालीन सिलेक्टर और महिला टीम मैनेजर एमडी मंजुरुल इस्लाम के आचरण को प्रथम दृष्टया अनुचित पाया गया।

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, समिति ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि उनका व्यवहार पेशेवर मानकों के अनुरूप नहीं था और कुछ कृत्य सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के तहत कदाचार और उत्पीड़न की परिभाषा में आते हैं। गौरतलब है कि मंजुरुल इस्लाम का BCB के साथ अनुबंध 30 जून 2025 को समाप्त हो चुका है।रविवार को ढाका स्थित शेर-ए-बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुई बैठक के बाद BCB ने आधिकारिक बयान जारी कर इस बैन की पुष्टि की। बोर्ड ने यह भी कहा कि समिति की सिफारिशों की आगे समीक्षा की जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कदम उठाए जाएंगे।

महिला BPL की शुरुआत का ऐलान

इसी बैठक में BCB ने महिला बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) T20 के पहले संस्करण के शेड्यूल को भी मंजूरी दी। टूर्नामेंट 4 से 14 अप्रैल 2026 के बीच ढाका और चट्टोग्राम में आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा, नेशनल सिलेक्शन पैनल के अध्यक्ष गाजी अशरफ हुसैन का कार्यकाल एक महीने के लिए बढ़ा दिया गया है ताकि उनके उत्तराधिकारी की नियुक्ति और पैनल का पुनर्गठन किया जा सके। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूर्व राष्ट्रीय चयनकर्ता हबीबुल बशर इस पद की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं। BCB का यह कदम साफ संकेत देता है कि बोर्ड महिला क्रिकेट में अनुशासन और सुरक्षित वातावरण को लेकर कोई समझौता नहीं करना चाहता।

यह भी पढ़ें:

टीम इंडिया की हार से रोहित शर्मा का हो गया बहुत बड़ा नुकसान, अफ्रीकी कप्तान ने कर दिया कमाल

Latest Cricket News