भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में टीम इंडिया को पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला, जिसमें पहले दिन का खेल खत्म होने पर भारतीय टीम ने 4 विकेट के नुकसान पर 264 रन बना लिए थे। टीम इंडिया को पहले दिन के आखिरी सेशन में उस समय बड़ा झटका लगा जब ऋषभ पंत बल्लेबाजी के दौरान अपना पैर को चोटिल कर बैठे और फिर उन्हें मैदान छोड़कर बाहर जाना पड़ा। पंत को लगी चोट की गंभीरता का आकलन इसी बात से लगाया जा सकता है कि बिल्कुल भी चल नहीं पा रहे थे। अब पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद बीसीसीआई की तरफ से ऋषभ पंत की चोट को लेकर अपडेट दिया गया है।
मेडिकल टीम लगातार बनाए हुए है नजर
मैनचेस्टर टेस्ट मैच के पहले दिन के खेल में जब भारतीय टीम की पारी का 68वां ओवर चल रहा था तो उस समय ऋषभ पंत ने क्रिस वोक्स की फुल लेंथ गेंद पर रिवर्स स्वीप शॉट खेलने का प्रयास किया। गेंद पंत के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर सीधे उनके जूते पर जाकर लगी, जिसके बाद पंत काफी ज्यादा दर्द में देखे गए। इसके बाद फीजियो ने मैदान पर उनके दर्द को कम करने का प्रयास किया लेकिन चोट काफी गंभीर थी, जिसमें जब उन्होंने अपना जूता उतारा तो उनके पैर से खून भी बह रहा था। ऋषभ पंत को लेकर बीसीसीआई की तरफ से जो अपडेट दिया गया है उसमें उन्होंने बताया कि पंत को तुरंत अस्पताल ले जाया गया उन्हें मैनचेस्टर टेस्ट के पहले दिन बल्लेबाजी करते हुए दाहिने पैर में चोट लग गई थी। उन्हें स्टेडियम से स्कैन के लिए ले जाया गया। अभी वह बीसीसीआई मेडिकल टीम की निगरानी में हैं।
पंत के लिए वापसी करना होगा कठिन
ऋषभ पंत को जब उनके पैर में चोट लगी तो वह काफी सूज गया था, जिसके चलते वह ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे, ऐसे में उनके लिए इस मुकाबले में आगे बल्लेबाजी या विकेटकीपिंग करना काफी कठिन होता दिख रहा है। हालांकि दूसरे दिन के खेल में स्थिति पूरी तरह से साफ हो सकती है। पंत जब रिटायर हर्ट होकर वापस पवेलियन लौटे थे तो उस समय तक उन्होंने 48 गेंदों में 37 रन बना लिए थे, जिसमें 2 चौके और एक छक्का भी शामिल था। बता दें कि इससे पहले ऋषभ पंत लॉर्ड्स टेस्ट मैच के पहले दिन विकेटकीपिंग करने के दौरान अपने हाथ को चोटिल कर बैठे थे, जिसके चलते वह पूरे मुकाबले में सिर्फ बल्लेबाजी करने ही मैदान पर उतरे थे।
ये भी पढ़ें
यशस्वी जायसवाल खेल गए अद्भुत पारी, मैनचेस्टर में खत्म किया 51 साल का सूखा
IND vs ENG: 2924 दिन के बाद मिला अंग्रेज गेंदबाज को टेस्ट विकेट, यशस्वी जायसवाल को बनाया शिकार
Latest Cricket News