A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इस लीग के खिलाफ जाने का BCCI ने उठाया कदम, दूसरे बोर्ड के साथ मिलकर लिया ऐसा फैसला

इस लीग के खिलाफ जाने का BCCI ने उठाया कदम, दूसरे बोर्ड के साथ मिलकर लिया ऐसा फैसला

बीसीसीआई और ईसीबी ने सऊदी टी20 लीग का एक साथ विरोध करने का फैसला किया है। इसके अलावा दोनों बोर्ड इस लीग में खेलने के लिए अपने प्लेयर्स को एनओसी नहीं देंगे।

बीसीसीआई का लोगो- India TV Hindi
Image Source : X बीसीसीआई का लोगो

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने अपने टी20 टूर्नामेंटों को कमजोर होने से बचाने के लिए लगभग 400 मिलियन डॉलर (करीब 3442 करोड़ रुपए) की सऊदी टी20 लीग को करारा झटका दिया है। दोनों बोर्ड ने मिलकर इस परियोजना का समर्थन नहीं करने का फैसला किया है। आईसीसी के चेयरमैन इस समय बीसीसीआई के पूर्व सचिव जय शाह हैं और ऐसे में उनके इस मामले में बीसीसीआई के खिलाफ जाने की संभावना नहीं है। इसी वजह से सऊदी टी20 लीग के होने पर ही सवालिया निशान लग गया है।

BCCI और ECB दोनों बोर्ड विरोध करने पर हुए एकजुट

ब्रिटिश अखबार ‘द गार्जियन’ की रिपोर्ट के मुताबिक इस महीने लॉर्ड्स में खेले गए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के दौरान ईसीबी और बीसीसीआई ने नई लीग का विरोध करने के लिए एकजुट होने पर सहमति जताई। दोनों बोर्ड इस बात पर सहमत हुए कि वे अपने खिलाड़ियों को नए टूर्नामेंट में शामिल होने के लिए एनओसी जारी नहीं करेंगे। इससे दोनों देशों के प्लेयर्स का इस लीग में खेलना नामुमकिन होगा। बीसीसीआई पहले से ही भारतीय प्लेयर्स को विदेशी लीग में खेलने की अनुमति नहीं देता है। इसके अलावा दोनों बोर्ड इसके साथ ही आईसीसी से उनके समर्थन के लिए पैरवी भी करेंगे।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया निवेशकों के साथ साझेदारी के लिए दिखा उत्सुक

‘द गार्जियन’ की खबर के मुताबिक क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पता चले प्लान के हिसाब से सऊदी अरब के एसआरजे स्पोर्ट्स इन्वेस्टमेंट्स ने नई लीग की स्थापना के लिए 400 मिलियन डॉलर का निवेश करने का वादा किया है। इसमें आठ टीमें हर साल अलग-अलग स्थानों पर चार टूर्नामेंट खेलेंगी, जिसकी तुलना टेनिस के ग्रैंड स्लैम से की जा रही है।

सऊदी टी20 लीग से बड़ा पैसा कमाना चाहता है क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का मुख्य उद्देश्य निजी निवेशक से लाभ कमाना है क्योंकि बिग बैश लीग फ्रेंचाइजी का स्वामित्व शासी निकाय और राज्यों के पास है। आईपीएल का अनुमानित मूल्य 12 बिलियन डॉलर है जबकि ईसीबी ‘द हंड्रेड’ की आठ फ्रेंचाइजी टीमों की 49 प्रतिशत हिस्सेदारी बेच कर लगभग 700 मिलियन डॉलर कमाने की तैयारी में है। क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने तीन साल पहले आईपीएल के मालिकों को एसए20 टूर्नामेंट की टीमों को बेचकर लगभग 136 मिलियन डॉलर से अधिक की धनराशि जुटाई थी।

(Input: PTI)

Latest Cricket News