1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 'दोस्त बनाने नहीं, वर्ल्ड चैंपियन हैं ये बताने आए हैं', BCCI ने अभिषेक शर्मा की जोरदार स्पीच का वीडियो किया जारी

'दोस्त बनाने नहीं, वर्ल्ड चैंपियन हैं ये बताने आए हैं', BCCI ने अभिषेक शर्मा की जोरदार स्पीच का वीडियो किया जारी

भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड दौरे का शानदार आगाज करने के साथ पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले को 4 विकेट से अपने नाम किया था। वहीं अब बीसीसीआई की तरफ से इस मैच के पहले अभिषेक शर्मा की जोरदार स्पीच का एक वीडियो जारी किया गया है, जिसमें वह साथी प्लेयर्स के अंदर जोश भरते दिखाई दिए।

Abhishek Sharma And Sanju Samson- India TV Hindi
Image Source : ANI अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन

भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड का दौरे का आगाज शानदार जीत के साथ किया जिसमें उन्होंने क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल ग्राउंड पर खेले गए पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले को 4 विकेट से अपने नाम किया। इस मैच में टीम इंडिया को 226 रनों का टारगेट मिला था, जिसको उन्होंने 19.4 ओवर्स में हासिल किया जो अब तक टी20 इंटरनेशनल में भारतीय टीम का सर्वाधिक सफल रन चेज भी है। इस मुकाबले के शुरू होने से पहले जब टीम इंडिया के खिलाड़ी मुकाबला खेलने के लिए मैदान पर पहुंचे थे तो उस समय स्टार ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने सभी खिलाड़ियों को जोरदार स्पीच दी थी, जिसका वीडियो अब बीसीसीआई की तरफ से जारी किया गया है, जिसमें अभिषेक साफ तौर पर सभी को समझाते हुए दिखाई दिए कि हम यहां दोस्त बनाने नहीं बल्कि ये बताने आए हैं कि हम वर्ल्ड चैंपियन हैं।

वेस्टइंडीज के खिलाफ हमने कुछ गलतियां की, लेकिन यहां नहीं

अभिषेक शर्मा ने पहले टी20 मैच से ठीक पहले टीम के साथी खिलाड़ियों को दी अपनी स्पीच में कहा कि मैं आप सभी से कुछ बातें कहने वाला हूं, जिसमें मुझे लगता है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में हमने कुछ गलतियां कीं और हमने उनके साथ दोस्तों जैसा बर्ताव किया। मुझे लगता है कि इन न्यूजीलैंड में ऐसा नहीं होगा। वह भी हमें इसी तरह चुनौती देने वाले हैं, तो चलिए, उन्हें दिखा देते हैं कि हम वर्ल्ड चैंपियन क्यों हैं। हम यहां अपना दबदबा बनाए रखेंगे और पहले ही मैच से जीत हासिल करेंगे। अपनी इस स्पीच के बाद अभिषेक ने पारंपरिक पंजाबी 'बोली' सुनाते हुए कहा कि पंजाबी में कहते हैं कि अगर तालमेल अच्छा हो, तो प्रदर्शन भी शानदार होता है। तो बारी बरसी खटन गया सी, खटके लेआंदा हंद, बारी बरसी खटन गया सी, खटके लेआंदा हंद, चलो आज आपा पहला जीतीये मैच इन न्यूजीलैंड।

अभिषेक ने सैमसन के साथ मिलकर दी थी जोरदार शुरुआत

क्राइस्टचर्च में खेले गए पहले टी20 मैच में जब टीम इंडिया 226 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी तो अभिषेक शर्मा ने संजू सैमसन के साथ मिलकर जोरदार शुरुआत दी जिसमें उन्होंने पहले विकेट के लिए 93 रनों की तेज साझेदारी करने के साथ मुकाबले में न्यूजीलैंड को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया था। अभिषेक इस मैच में 12 गेंदों में 29 रन बनाकर पवेलियन लौट गए लेकिन बाद में टीम इंडिया ने जीत हासिल करने के साथ सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। वहीं अब सीरीज का दूसरा मुकाबला क्राइस्टचर्च के स्टेडियम में 24 अक्टूबर को खेला जाएगा।

ये भी पढ़ें

भारत और न्यूजीलैंड के बीच शनिवार से टेस्ट मैच, यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल पर रहेंगी नजरें, कितने बजे से शुरू होगा मुकाबला

अब कब होगा भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टी20 मुकाबला, मैच शुरू होने का वक्त भी नोट कर लीजिए

Latest Cricket News