1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. विराट कोहली और रोहित शर्मा लेंगे ODI क्रिकेट से संन्यास? BCCI उपाध्यक्ष ने तोड़ी चुप्पी

विराट कोहली और रोहित शर्मा लेंगे ODI क्रिकेट से संन्यास? BCCI उपाध्यक्ष ने तोड़ी चुप्पी

विराट कोहली और रोहित शर्मा टेस्ट और T20I को अलविदा कह चुके हैं। अब दोनों खिलाड़ियों के जल्द ODI क्रिकेट से संन्यास लेने की चर्चा चल रही है।

Virat Kohli and Rohit Sharma- India TV Hindi
Image Source : GETTY विराट कोहली और रोहित शर्मा

BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और कप्तान रोहित शर्मा के ODI क्रिकेट भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। हाल के दिनों में ऐसी चर्चाएं तेज थीं कि दोनों खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अक्टूबर में होने वाली ODI सीरीज के बाद ODI क्रिकेट से संन्यास ले सकते हैं। लेकिन शुक्ला ने इन सभी अटकलों को खारिज करते हुए कहा है कि कोहली और रोहित अभी भी भारतीय ODI टीम का हिस्सा हैं।

UP T20 लीग के दौरान एक इंटरव्यू में जब उनसे कोहली और रोहित के संभावित फेयरवेल प्लान्स के बारे में पूछा गया तो शुक्ला ने साफ कहा कि उन्होंने कब रिटायरमेंट लिया? रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों अभी ODI खेल रहे हैं। अगर वे खेल रहे हैं तो अभी फेयरवेल की बात क्यों? चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। हमारी पॉलिसी साफ है, BCCI कभी भी किसी खिलाड़ी से रिटायरमेंट लेने को नहीं कहता। ये फैसला खिलाड़ी को खुद लेना होता है।

विराट पूरी तरह फिट

राजीव शुक्ला ने आगे यह भी कहा कि दोनों सीनियर खिलाड़ी शानदार फॉर्म और फिटनेस में हैं और ODI क्रिकेट खेलते रहेंगे। उन्होंने कहा कि आप लोग पहले ही फेयरवेल की बातें करने लगे हैं। विराट कोहली पूरी तरह फिट हैं, उनका खेल जारी है। रोहित शर्मा बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हैं। जब समय आएगा तो देखा जाएगा, लेकिन अभी दोनों का खेलना तय है।

ऑस्ट्रेलिया में दिखेगा विराट और रोहित का दम

गौरतलब है कि कोहली और रोहित टेस्ट और T20I से संन्यास ले चुके हैं। अब वे अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 19 से 25 अक्टूबर तक होने वाली तीन मैचों की ODI सीरीज में एक्शन में नजर आएंगे। रोहित शर्मा पूर्व भारतीय असिस्टेंट कोच और अपने करीबी दोस्त अभिषेक नायर के साथ अभ्यास करते दिखे, जबकि विराट कोहली लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर ट्रेनिंग करते हुए स्पॉट किए गए।

विराट कोहली और रोहित शर्मा ने इसी साल जून में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। दोनों खिलाड़ियों ने इससे पहले T20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीतने के बाद क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान किया था। अब दोनों दिग्गज खिलाड़ियों का पूरा फोकस ODI क्रिकेट पर है। 

Latest Cricket News