भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार पिछले काफी सालों से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। वह पिछले कुछ समय से लगातार IPL, UPT20 लीग और डोमेस्टिक क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लगातार दो बार आईपीएल (IPL) खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उनके इस प्रदर्शन को देखने के बाद अब फैंस भुवनेश्वर कुमार को टीम में वापस शामिल करने की मांग कर रहे हैं। इस बीच भुवी ने खुद बताया है कि वह भारतीय टीम में वापसी को लेकर क्या सोचते हैं। इससे पहले भी भुवी अपने कमबैक को लेकर बात कर चुके हैं।
टीम इंडिया में वापसी को लेकर भुवनेश्वर कुमार ने क्या कहा?
न्यूज एजेंसी ANI के हवाले से एक इंटरव्यू के दौरान भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि अब वे किसी को कुछ साबित करने के लिए नहीं खेल रहे हैं, लेकिन अगर उन्हें दोबारा भारत के लिए खेलने का मौका मिलता है तो उन्हें बहुत खुशी होगी। उन्होंने माना कि अब वे पहले की तरह अगली सीरीज के चयन का इंतजार नहीं करते। भुवी ने बताया कि शुरुआत में भारतीय टीम में वापसी को लेकर उनके पास कुछ फोन आए थे, जिससे उन्हें उम्मीद जगी थी कि आने वाले मैचों में मौका मिल सकता है। लेकिन धीरे-धीरे उन्हें समझ आ गया कि ऐसा नहीं होने वाला है।
मुश्किल समय से निकलने में परिवार ने मेरा साथ दिया- भुवनेश्वर कुमार
भुवनेश्वर कुमार ने बताया कि कुछ सीरीज तक उन्हें लगा था कि उनकी वापसी हो सकती है, क्योंकि उनके पास एक फोन आया था। उस बातचीत के आधार पर उन्हें उम्मीद जगी थी कि वे शायद अगली दो सीरीज में खेलेंगे। लेकिन जल्द ही उन्हें समझ आ गया कि मामला वैसा नहीं है। इस बात से उन्हें कोई दुख नहीं हुआ, क्योंकि उन्हें असली स्थिति का अंदाजा हो गया था और उन्होंने इसे दिल से स्वीकार कर लिया। हालांकि यह सब आसान नहीं था, लेकिन इस मुश्किल समय से निकलने में उनके परिवार ने उनका पूरा साथ दिया।
2022 में भुवी ने खेला था आखिरी T20I मैच
भुवनेश्वर कुमार ने भारत के लिए अपना आखिरी टी20 (T20I) मैच नवंबर 2022 में नेपियर में खेला था, जो ऑस्ट्रेलिया में हुए टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल से बाहर होने के तुरंत बाद हुआ था। भुवी ने भारत के लिए तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20) मिलाकर कुल 229 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने लगभग 29.50 के बेहतरीन औसत से 294 विकेट चटकाए हैं, जिसमें 7 बार एक ही मैच में 5 विकेट लेने का शानदार रिकॉर्ड भी शामिल है। वह 2022 में ऑस्ट्रेलिया में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का हिस्सा रहे थे।
यह भी पढ़ें
IND vs AFG दूसरे टी20 में बल्लेबाजों का होगा राज या बॉलर्स को मिलेगी मदद? कैसा होगा पिच का मिजाज
ब्रैंडन टेलर ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का बड़ा रिकॉर्ड, बने वनडे इतिहास में सबसे लंबे करियर वाले खिलाड़ी
Latest Cricket News