1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वैभव सूर्यवंशी के दम पर बिहार ने लिस्ट-ए क्रिकेट में रचा इतिहास, दर्ज की दूसरी सबसे बड़ी जीत

वैभव सूर्यवंशी के दम पर बिहार ने लिस्ट-ए क्रिकेट में रचा इतिहास, दर्ज की दूसरी सबसे बड़ी जीत

विजय हजारे ट्रॉफी में 24 दिसंबर का दिन रिकॉर्ड से भरा हुआ है, जिसमें बिहार ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ प्लेट ग्रुप के मुकाबले जहां पहले बल्लेबाजी करते हुए 574 रनों का स्कोर बनाया तो वहीं उसके बाद वह इस मैच को 397 रनों के बड़े अंतर से जीतने में भी कामयाब रहे।

वैभव सूर्यवंशी- India TV Hindi
Image Source : PTI वैभव सूर्यवंशी

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का आगाज हो चुका है, जिसमें 24 दिसंबर को प्लेट ग्रुप में बिहार और अरुणाचल प्रदेश के बीच खेले गए मुकाबले में लिस्ट-ए क्रिकेट में एक बड़ा रिकॉर्ड बनते हुए देखने को मिला। बिहार की टीम ने इस मुकाबले में टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लेने के साथ 50 ओवर्स में 6 विकेट के नुकसान पर 574 रनों का स्कोर बना दिया। इस मैच में बिहार की तरफ से वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से 84 गेंदों में 190 रनों की पारी देखने को मिली, तो वहीं आयुष लोहारुका ने 116 रनों की पारी खेली और कप्तान शकीबुल गनी ने सिर्फ 40 गेंदों में 128 रनों की नाबाद पारी खेल दी। वहीं इसके बाद बिहार के गेंदबाजों का कमाल देखने को मिला जिसमें उन्होंने अरुणाचल प्रदेश की पारी को 42.1 ओवर्स में सिर्फ 177 रनों के स्कोर पर समेटने के साथ मुकाबला 397 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम कर लिया। वहीं बिहार ने इस जीत के साथ एक बड़ा कारनामा भी किया।

बिहार ने समरसेट के रिकॉर्ड को तोड़ा, लिस्ट-ए क्रिकेट में दूसरी सबसे बड़ी जीत

बिहार की टीम को अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ मैच में मिली 397 रनों की बड़ी जीत, लिस्ट-ए क्रिकेट इतिहास में अभी तक रनों के अंतर से दर्ज की गई दूसरी सबसे बड़ी जीत है। इस लिस्ट में पहले नंबर पर तमिलनाडु की टीम है, जिसमें उन्होंने साल 2022-23 की विजय हजारे ट्रॉफी में अरुणाचल प्रदेश की टीम के खिलाफ 435 रनों के अंतर से जीत दर्ज की थी, जिसमें उन्होंने पहले बल्लेबाजी करते हुए 506 रनों का स्कोर बनाया था तो वहीं अरुणाचल की टीम को सिर्फ 71 रनों के स्कोर पर समेट दिया था। वहीं इसके बाद अब लिस्ट में बिहार की टीम का नाम आ गया है, जिन्होंने समरसेट की टीम का 35 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने साल 1990 में डेवोन की टीम के खिलाफ 346 रनों के अंतर से जीत दर्ज की थी।

Image Source : India TVलिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे ज्यादा रनों के अंतर से जीत।

गेंदबाजी में आकाश राज और सूरज कश्यप ने दिखाया कमाल

अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ मुकाबले में बिहार टीम के गेंदबाजी प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो उसमें आकाश राज और सूरज कश्यप का कमाल देखने को मिला। आकाश राज ने अपने 8 ओवर्स में सिर्फ 29 रन देने के साथ तीन विकेट हासिल किए, तो वहीं सूरज कश्यप ने 10 ओवर्स में 31 रन देने के साथ तीन विकेट हासिल किए। इसके अलावा हिमांशु तिवारी 2 और शबीर खान एक विकेट लेने में कामयाब रहे। इस जीत के साथ जहां बिहार के खाते में चार अंक जुड़ गए हैं तो वहीं उनका नेट रनरेट 7.940 का है। वहीं अब टीम को अपना अगला मैच 26 दिसंबर को मणिपुर की टीम के खिलाफ खेलना है।

ये भी पढ़ें

रोहित शर्मा ने मैदान में उतरते ही कर दी चौके और छक्कों की बारिश, धमाकेदार अंदाज में जड़ा शतक

विराट कोहली ने ठोकी एक और धमाकेदार सेंचुरी, सचिन तेंदुलकर के वर्ल्ड रिकॉर्ड के बिल्कुल करीब

Latest Cricket News