A
Hindi News खेल क्रिकेट CAN vs UAE Score T20 World Cup: यूएई ने 5 विकेट से मुकाबले को किया अपने नाम, आर्यांश ने बल्ले से निभाई अहम भूमिका

CAN vs UAE Score T20 World Cup: यूएई ने 5 विकेट से मुकाबले को किया अपने नाम, आर्यांश ने बल्ले से निभाई अहम भूमिका

CAN vs UAE Score T20 World Cup 2026: यूएई की टीम ने कनाडा के खिलाफ दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में 5 विकेट से जीत हासिल की है।

CAN vs UAE, T20 World Cup 2026- India TV Hindi Image Source : AP कनाडा बनाम यूएई, टी20 वर्ल्ड कप 2026

CAN vs UAE Score T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप-डी का हिस्सा कनाडा और यूएई की टीम के बीच में दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में मुकाबला खेला गया जिसमें यूएई की टीम 5 विकेट से मुकाबले को अपने नाम करने में कामयाब रही है। इस मैच में कनाडा की टीम के कप्तान दिलप्रीत बाजवा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था। कनाडा की टीम ने पहले खेलते हुए 20 ओवर्स में 7 विकेट के नुकसान पर 150 रनों का स्कोर बनाया है। कनाडा की तरफ से बल्लेबाजी में हर्ष ठाकर का कमाल देखने को मिला जिन्होंने 41 गेंदों में 50 रनों की अहम पारी खेली। इसके अलावा नवनीत धालीवाल ने 34 और श्रेयस मोव्वा ने भी 24 रन बनाए। यूएई की तरफ से गेंदबाजी में जुनैद सिद्दकी का कमाल देखने को मिला जिसमें उन्होंने अपने 4 ओवर्स में जहां 35 रन दिए तो वहीं 5 विकेट हासिल करने में कामयाब रहे, वहीं मुहम्मद जवादुल्लाह ने एक विकेट हासिल किया।

यूएई की टीम ने कनाडा के खिलाफ इस मैच में 151 रनों के टारगेट को 2 गेंद शेष रहते हुए 19.4 ओवर्स में हासिल किया। इस मैच में यूएई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही जिसमें उन्होंने अपने पहले 4 विकेट सिर्फ 66 के स्कोर तक गंवा दिए थे। इसके बाद ओपनिंग बल्लेबाज आर्यांश शर्मा और शोएब खान के बीच में पांचवें विकेट के लिए 42 गेंदों में हुई 84 रनों की साझेदारी ने इस मुकाबले में यूएई टीम की जीत को पक्का कर दिया था। शोएब खान के बल्ले से 29 गेंदों में 51 रनों की पारी देखने को मिली। वहीं आर्यांश शर्मा जो टीम को जीत दिलाकर नाबाद वापस लौटे उन्होंने 53 गेंदों में 74 रनों की पारी खेली। यूएई की टीम इस जीत के साथ अब ग्रुप-डी की प्वाइंट्स टेबल में दो मैचों में 2 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। यूएई टीम का अब अगला मुकाबला 16 फरवरी को अफगानिस्तान की टीम से होगा।

कनाडा बनाम यूएई मैच में दोनों टीमों की प्लेइंग 11

कनाडा - दिलप्रीत बाजवा (कप्तान), युवराज समरा, नवनीत धालीवाल, निकोलस किर्टन, श्रेयस मोव्वा (विकेटकीपर), हर्ष ठाकर, साद बिन जफर, जसकरन सिंह, दिलोन हेलीगर, कलीम सना, अंश पटेल।

यूएई - आर्यांश शर्मा (विकेटकीपर), मुहम्मद वसीम (कप्तान), अलीशान शराफू, मयंक कुमार, सोहेब खान, हर्षित कौशिक, मुहम्मद अरफान, मुहम्मद फारूक, हैदर अली, जुनैद सिद्दीकी, मुहम्मद जवादुल्लाह।

Latest Cricket News