1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कप्तान के दोस्त का होगा पत्ता साफ? देवदत्त पडिक्कल ने 199 रन बनाकर ठोक दिया दावा

कप्तान के दोस्त का होगा पत्ता साफ? देवदत्त पडिक्कल ने 199 रन बनाकर ठोक दिया दावा

भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच अनाधिकारिक टेस्ट मैच खेला जा रहा है, जिसमें देवदत्त पडिक्कल ने शानदार 199 रनों की पारी खेली, वहीं साई सुदर्शन 91 रन बनाकर आउट हो गए। भारत ने इस मैच में अपनी पकड़ मजबूत बना रखी है।

Devdutt Padikkal- India TV Hindi
Image Source : GETTY देवदत्त पडिक्कल

भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज की अपनी तैयारी शुरू कर दी है। वैसे तो अभी टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेली जा रही है। इसके बाद वनडे सीरीज होगी, इसके बाद कहीं जाकर टेस्ट मैच खेले जाएंगे। इस बीच भारत की ए टीम इस वक्त न्यूजीलैंड के दौरे पर है, जो अनाधिकारिक टेस्ट मैच खेल रही है। पहले मैच की पहली पारी में तो भारतीय टीम के बल्लेबाज बुरी तरह से फ्लॉप रहे, लेकिन दूसरी पारी में अच्छी वापसी की। इस बीच देवदत्त पडिक्कल अपना दोहरा शतक तो पूरा नहीं कर पाए, लेकिन उन्होंने टेस्ट सीरीज के लिए अपना दावा जरूर ठोक दिया है। 

देवदत्त पडिक्कल ने खेली 199 रनों की जबरदस्त पारी

देवदत्त पडिक्कल इस वक्त जबरदस्त खेल दिखा रहे हैं। न्यूजीलैंड ए बनाम भारत ए के बीच खेले जा रहे पहले अनाधिकारिक टेस्ट मैच में उन्होंने 199 रनों की अच्छी पारी खेली। उन्होंने इस दौरान 248 बॉल का सामना किया और अपनी पारी में 24 चौकों के साथ साथ तीन छक्के भी लगाने में कामयाबी हासिल की। वे एक और रन बना लेते तो दोहरा शतक पूरा हो जाता। इस बीच देवदत्त पडिक्कल आउट दिए जाने के अंपायर के फैसले से खुश नहीं थे, लेकिन फिर भी उन्हें पवेलियन जाना पड़ा। पडिक्कल का ये दोहरा शतक भले ही अधूरा रह गया हो, लेकिन टेस्ट सीरीज के लिए उनकी दावेदारी और मजबूत हो गई है। 

साई सुदर्शन ने भी बनाए 91 रन

दरअसल जब भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज खेली जाएगी, उसमें साई सुदर्शन और देवदत्त ​पडिक्कल में से किसी एक ही खिलाड़ी को प्लेइंग इलेवन में शामिल होने का मौका मिलेगा। इस टेस्ट में साई सुदर्शन ने भी अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन देवदत्त से वे पिछड़े हुए नजर आएंगे। साई ने 184 बॉल पर 91 रन बनाए। उन्होंने 12 चौके लगाए। वैसे साई ने भी भारत को बड़ा स्कोर करने में मदद की, लेकिन जब उनकी तुलना देवदत्त से होगी तो वे शायद पीछे रह जाएंगे। 

अब तक टीम इंडिया के लिए बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं साई सुदर्शन

साई सुदर्शन आईपीएल में गुजरात टाइटंस की टीम से खेलते हैं, जिसकी कप्तानी शुभमन गिल करते हैं। जब गिल टेस्ट टीम इंडिया के कप्तान बने, तभी साई सुदर्शन को मौका मिला। इस बीच उन्हें कई बार टेस्ट टीम में खेलने का मौका मिला, लेकिन वे अभी तक अपनी उपयोगिता साबित नहीं कर पाए हैं। हालांकि अभी इस मैच के बाद दो और अनाधिकारिक मैच खेले जाएंगे, उसमें दोनों में से कौन सा बल्लेबाजी बाजी मारता है, उन पर भी काफी कुछ निर्भर करेगा, लेकिन फिलहाल तो देवदत्त पडिक्कल ने साई सुदर्शन पर बाजी मार ली है, ऐसा लगता है। 

यह भी पढ़ें 

कब खेला जाएगा भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला, अब वेन्यू भी बदल जाएगा

टीम इंडिया को लगा तगड़ा झटका, ईशान किशन तीसरे T20I से हुए बाहर, वैभव सूर्यवंशी को फिर मिलेगा मौका?

Latest Cricket News