Vaibhav Suryavanshi: वैभव सूर्यवंशी बल्ले से लगातार कहर बरपा रहे हैं। वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 यूथ ODI सीरीज के दूसरे मैच में ताबड़तोड़ अर्धशतक जड़ने का कारनामा कर दिया है। उन्होंने साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों की जमकर खबर ली और 8 छक्कों की मदद से महज 19 गेंदों पर तूफानी फिफ्टी जड़ दी। उन्होंने अर्धशतक पूरा करने के दौरान सिर्फ 2 बार सिंगल लिया। वैभव अर्धशतक पूरा करने के बाद तेजी से शतक की ओर बढ़ रहे थे कि तभी 9वें ओवर में माइकल क्रुइस्काम्प की गेंद पर खराब शॉट खेलने के कारण कैच आउट हो गए। वैभव ने 24 गेंदों पर 68 रन बनाने का कमाल किया, जिसमें एक चौका और 10 छक्के शामिल रहे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 283 का रहा।
कप्तान वैभव सूर्यवंशी ने दिखाया दम
वैभव सूर्यवंशी जिस भी मैच में बल्लेबाजी करने उतरते हैं, तो उनके बल्ले से धुआंधार पारी की उम्मीद बढ़ जाती है। हालांकि, मौजूदा सीरीज के पहले मैच में वह ऐसा करने में नाकाम रहे। वह सस्ते में आउट होकर पवेलियन लौटे। पहले मैच में बुरी तरह से फेल होने के बाद उनके बल्ले से यह विस्फोटक पारी आई। पिछले मैच में उनके बल्ले से 12 गेंदों में सिर्फ 11 रन आए थे। आयुष म्हात्रे की गैरमौजूदगी में टीम की कमान संभाल रहे वैभव शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने धमाकेदार शतकीय पारी खेली थी। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 84 गेंदों पर 190 रन ठोके थे, जिसमें 16 चौके और 15 छक्के शामिल रहे। अब यूथ ODI सीरीज में उन्होंने एक बार फिर बल्ले से विस्फोटक पारी खेलते हुए फैंस को झूमने का मौका दे दिया।
साउथ अफ्रीकी टीम ने दिया 246 रनों का लक्ष्य
इससे पहले साउथ अफ्रीका की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीकी टीम 49.3 ओवरों में 245 रनों पर ढेर हो गई। जेसन रोल्स ने शानदार शतक जड़ा। जेसन ने 113 गेंदों पर 7 चौके और 3 छक्कों की बदौलत 114 रनों की पारी खेली। भारतीय अंडर-19 टीम की ओर से किशन कुमार ने 4 विकेट अपने नाम किए। वहीं, आर एस अम्बरीश ने 2 विकेट चटकाए। कनिष्क चौहान और खिलन पटेल के हाथ एक-एक सफलता लगी।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत U19 (प्लेइंग XI): वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), आरोन जॉर्ज, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश पंगालिया, आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, मोहम्मद एनान, खिलान पटेल, दीपेश देवेंद्रन, किशन कुमार सिंह।
साउथ अफ्रीका U19 (प्लेइंग XI): मुहम्मद बुलबुलिया (कप्तान), अदनान लागाडियन, जोरिच वान शल्कविक, जेसन राउल्स, अरमान मनैक, लेथाबो फाहलमोहलाका (विकेटकीपर), एनाथी कित्शिनी, डैनियल बोसमैन, जे जे बैसन, माइकल क्रुइस्कैम्प, बयांदा माजोला।
यह भी पढ़ें:
बड़ी खबर! अचानक बदला कप्तान, श्रेयस अय्यर को मिली टीम की कमान, धाकड़ खिलाड़ी हुआ बाहर
सिडनी टेस्ट में दूसरे दिन बेन स्टोक्स और मार्नश लाबुशेन के बीच तीखी नोकझोंक, VIDEO वायरल
Latest Cricket News