ऋषभ पंत की बल्लेबाजी और फॉर्म से ज्यादा अब उनके ऊपर तमाम दिग्गजों के आने वाले बयान कौतुहूल पैदा करते हैं। हर अगले घंटे में कोई न कोई प्लेयर या एक्सपर्ट पंत पर अपनी राय देने के लिए सामने आ रहा है। भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज लंबे वक्त से खराब फॉर्म से रुबरु हैं लिहाजा अपने अपने विचार से इस खिलाड़ी के करियर को संवारने या बिगाड़ने का सिलसिला भी लंबे वक्त से जारी है। टी20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले तक पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने पंत की स्थिति पर अपनी राय दी। वह चुप हुए तो न्यूजीलैंड का दौरा शुरू हो गया।
न्यूजीलैंड दौरे पर पंत की बदहाली पर हुई चर्चा
Image Source : PTIRishabh Pant
इस दौरान पंत की फॉर्म और बिगड़ती, गर्त में जाती दिखी, तो फैंस ने भी खूब हंगामा मचाया। मीडिया और सोशल मीडिया पर ऋषभ पंत विलेन नंबर 1 बन गए। इन सबके बीच, न्यूजीलैंड वनडे सीरीज में भारतीय कप्तान रहे शिखर धवन सामने आए। उन्होंने सीरीज गंवाने और पंत की नाकामी का दीदार करने के बाद सबका ज्ञान बढ़ाया। धवन ने कहा कि पंत अकेला भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज हैं, जो मैच विनर हैं। अब इस कड़ी में दो और नाम पूर्व भारतीय चयनकर्ता सबा करीम और साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्किया का जुड़ गया है।
तकनीक नहीं पंत की मानसिकता है समस्या- सबा करीम
Image Source : PTIRishabh Pant
फरवरी 2017 में बेंगलुरु में पंत को अपनी पहली टी20 कैप देने वाले भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज सबा करीम का मानना है कि लिमिटेड ओवर के क्रिकेट में सफल होने के लिए टेस्ट खेलने के दौरान बाएं हाथ के बल्लेबाज को मानसिकता में बदलाव लाने की जरूरत है। करीम ने कहा, "मुझे यकीन है कि आपने इतने सारे विशेषज्ञों को ऋषभ पंत की असफलता पर डिटेल में बात करते हुए सुना होगा। जब वह टेस्ट मैचों में बल्लेबाजी करते हैं, तो उसकी मानसिकता और खेल को लेकर उनकी सोच में कहीं अधिक स्पष्टता होती है। सफेद गेंद के क्रिकेट में भी उन्हें इसी तरह की क्लियरिटी लाने की जरूरत है।"
पंत हैं विरोधी टीमों के लिए खतरा- एनरिक नॉर्किया
Image Source : PTIRishabh Pant
सबा करीम मे ऋषभ पंत की कमियां गिनाई तो उनका गुणगान करने के लिए साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्किया सामने आ गए। उन्होंने पंत को विपक्षी टीम के लिए खतरनाक साबित होने वाला खिलाड़ी बताया। दिल्ली कैपिटल्स के लिए पंत की कप्तानी में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) खेलने वाले नॉर्किया ने कहा, "वह बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं, जो अलग-अलग समय में कमाल कर सकते हैं। वह मैच को विपक्षी टीम से दूर ले जा सकते हैं।"
ऋषभ पंत का अपना आकलन और असलियत
इस दौरान खुद पंत से भी जब उनके अपने प्रदर्शन पर राय मांगी गई तो वे थोड़े नाखुश से हो गए और कहा कि सफेद बॉल से उनके आंकड़े इतने बुरे भी नहीं हैं। ऋषभ पंत का टेस्ट में औसत 43.32 है, वहीं वनडे में यह 34.60 और टी20 में 22.43 पर आ गए हैं। पंत मौजूदा वक्त में भारत के लिए टेस्ट की तुलना में वनडे और टी20 में खराब प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड दौरे पर सिर्फ 6, 11, 15 और 10 रन की पारियां खेली
Latest Cricket News