1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वर्ल्ड कप 2025 के लिए साउथ अफ्रीकी टीम का ऐलान, 17 साल की धाकड़ खिलाड़ी को मिला मौका

वर्ल्ड कप 2025 के लिए साउथ अफ्रीकी टीम का ऐलान, 17 साल की धाकड़ खिलाड़ी को मिला मौका

साउथ अफ्रीका ने ICC वूमेन्स वर्ल्ड कप 2025 के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है। साउथ अफ्रीका की टीम में 17 साल की खिलाड़ी को भी शामिल किया गया है।

South Africa- India TV Hindi
Image Source : AP साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम

क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) ने आगामी ICC महिला ODI वर्ल्ड कप 2025 के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका में 30 सितंबर से 2 नवंबर तक खेला जाएगा। टीम की कमान स्टार बल्लेबाज लौरा वुल्वार्ड्ट के हाथों में सौंपी गई है। वर्ल्ड कप से पहले साउथ अफ्रीका की महिला टीम पाकिस्तान दौरे पर जाएगी, जहां वे 16, 19 और 22 सितंबर को लाहौर में तीन ODI मैच खेलेगी। वर्ल्ड कप के लिए चुनी गई टीम पाकिस्तान दौरे पर भी जाएगी। 

17 साल की मेसो की टीम में एंट्री

साउथ अफ्रीका के स्क्वॉड में अनुभवी खिलाड़ी क्लोए ट्रायन, मरीजाने कैप, आयाबोंगा खाका और सुने लूस जैसी वरिष्ठ क्रिकेटर शामिल हैं। वहीं आक्रामक बल्लेबाज तजमिन ब्रिट्स के साथ-साथ ऑलराउंडर नादिन डी क्लर्क, एनेके बॉश, एनेरी डर्कसन और नोंडुमिसो शांगासे को टीम में जगह दी गई है। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी सिनालो जाफ्ता और कराबो मेसो संभालेंगी। 17 साल की मेसो पहली बार सीनियर वर्ल्ड कप खेलेंगी। वह 2023 और 2025 के दो अंडर-19 T20 वर्ल्ड कप में हिस्सा ले चुकी हैं।

3 अक्टूर से होगा अभियान का आगाज

गेंदबाजी में बाएं हाथ की स्पिनर नोंकुलुलेको म्लाबा आक्रमण का नेतृत्व करेंगी, जबकि तेज गेंदबाजी में मसाबाटा क्लास और तुमी सेखुखुने अहम भूमिका निभाएंगी। युवा ऑलराउंडर मियाने स्मिट को ट्रैवलिंग रिजर्व के तौर पर शामिल किया गया है। साउथ अफ्रीका महिला टीम अपने अभियान की शुरुआत 3 अक्टूबर को इंग्लैंड के खिलाफ गुवाहाटी से करेगी। इसके बाद टीम न्यूजीलैंड, भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका और पाकिस्तान से भिड़ेगी। लीग चरण का आखिरी मुकाबला 25 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया से खेला जाएगा।

हाल ही में संन्यास लेने वाली डेन वैन नीकेर्क अंतिम टीम में जगह बनाने से चूक गईं। साउथ अफ्रीका टूर्नामेंट के पिछले संस्करण में सेमीफाइनलिस्ट था और ग्रुप स्टेज में दूसरे स्थान पर रहा था। टीम को क्राइस्टचर्च में सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड से हार का सामना करना पड़ा था।

ICC वूमेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 में साउथ अफ्रीका का शेड्यूल

  • 3 अक्टूबर  - साउथ अफ्रीका बनाम इंग्लैंड (बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम, गुवाहाटी)
  • 6 अक्टूबर - साउथ अफ्रीका बनाम न्यूज़ीलैंड (होलकर क्रिकेट स्टेडियम, इंदौर)
  • 9 अक्टूबर - साउथ अफ्रीका बनाम भारत (एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम, विशाखापत्तनम)
  • 13 अक्टूबर  - साउथ अफ्रीका बनाम बांग्लादेश (एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम, विशाखापत्तनम)
  • 17 अक्टूबर  - साउथ अफ्रीका बनाम श्रीलंका (आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो)
  • 21 अक्टूबर  - साउथ अफ्रीका बनाम पाकिस्तान (आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो)
  • 25 अक्टूबर  - साउथ अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया (होलकर क्रिकेट स्टेडियम, इंदौर)
  • 29 अक्टूबर  - सेमीफाइनल 1 (TBC)
  • 30 अक्टूबर  - सेमीफाइनल 2 (डॉ. डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी, नवी मुंबई)
  • 2 नवंबर सुबह 11:30 बजे - फाइनल (TBC)

ICC वर्ल्ड कप 2025 और पाकिस्तान दौरे के लिए साउथ अफ्रीका की महिला टीम: लौरा वुल्वार्ड्ट (कप्तान), एनेके बॉश, तजमिन ब्रिट्स, नादिन डी क्लर्क, एनेरी डर्कसन, सिनालो जाफ्ता, मरीजाने कैप, आयाबोंगा खाका, मसाबाटा क्लास, सुने लूस, कराबो मेसो, नोंकुलुलेको म्लाबा, तुमी सेखुखुने, नोंडुमिसो शांगासे और क्लोए ट्रायन

ट्रैवलिंग रिजर्व: मियाने स्मिट

Latest Cricket News