A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. CSK vs KKR: चेन्नई ने घर में दर्ज की दूसरी धमाकेदार जीत, कोलकाता को मिली चौथी शिकस्त

CSK vs KKR: चेन्नई ने घर में दर्ज की दूसरी धमाकेदार जीत, कोलकाता को मिली चौथी शिकस्त

IPL 2026, CSK vs KKR: चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को करारी शिकस्त दी। इसके साथ ही चेन्नई की टीम अपनी दूसरी जीत दर्ज करने में सफल रही।

CSK vs KKR- India TV Hindi
Image Source : PTI/AP CSK vs KKR

CSK vs KKR: IPL 2026 के 22वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को करारी शिकस्त दी। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को 32 रनों से हार का सामना करना पड़ा। कोलकाता की इस सीजन यह 5 मैचों में चौथी हार है। वहीं, चेन्नई की टीम सीजन की दूसरी जीत दर्ज करने में सफल रही।

इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर 192 रनों का स्कोर बनाया। जवाब में कोलकाता की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 160 रन ही बना सकी।

चेन्नई की की तरफ से संजू सैमसन ने सबसे ज्यादा 48 रनों की पारी खेली तो वहीं इसके अलावा डेवाल्ड ब्रेविस ने 41 जबकि आयुष म्हात्रे के बल्ले से 38 रनों की पारी देखने को मिली। केकेआर की तरफ से गेंदबाजी में कार्तिक त्यागी ने सबसे ज्यादा 2 विकेट हासिल किए तो वहीं इसके अलावा वैभव अरोड़ा, सुनील नरेन और अनुकूल रॉय 1-1 विकेट लेने में कामयाब रहे। कोलकाता की बल्लेबाजी की बात की जाए, तो सभी बल्लेबाजों ने निराश किया। रमनदीप ने सबसे ज्यादा 35 रनों की पारी खेली। चेन्नई की ओर से नूर अहमद ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके। वहीं, अंशुल कंबोज को 2 सफलता मिली।

चेन्नई सुपर किंग्स ने लगातार तीन हार के बाद घर में लगातार दूसरी जीत का स्वाद चखा है। इससे पहले कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की अगुवाई में टीम ने दिल्ली कैपिटल्स को 23 रन से हराकर सीजन की पहली जीत दर्ज की थी। अब कोलकाता को हराकर CSK ने अपने खाते में 4 पॉइंट कर लिए हैं और MI से एक पायदान ऊपर 8वें स्थान पर पहुंच गई है। 

वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स का शर्मनाक अभियान खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। टीम ने 5 मैचों में से 4 गंवाए हैं, जबकि एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था, जिससे उन्हें सिर्फ एक अंक मिला।ऐसे में KKR अब अपने अगले मैच में अपनी पहली जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। 

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

कोलकाता नाइट राइडर्स की की प्लेइंग XI: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, रिंकू सिंह, रोवमैन पॉवेल, रमनदीप सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, कार्तिक त्यागी, वैभव अरोड़ा।

चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग XI: संजू सैमसन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, सरफराज खान, जेमी ओवरटन, अंशुल कंबोज, नूर अहमद, खलील अहमद, गुरजापनीत सिंह।

 

Latest Cricket News