12 चौके-दो छक्के, 34 साल के खिलाड़ी ने जड़ दी धमाकेदार सेंचुरी, टीम ने बनाया बड़ा स्कोर
न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच पहला वनडे मैच हेग्ले ओवल में खेला जा रहा है। इस मैच में न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल ने शानदार शतक लगाया है।
न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच इन दिनों वनडे सीरीज खेली जा रही है। सीरीज का पहला मैच हेग्ले ओवल क्राइस्टचर्च में खेला जा रहा है। इस मैच में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले न्यूजीलैंड को बल्लेबाजी के लिए कहा। पहले बैटिंग करते हुए न्यूजीलैंड की टीम 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 269 रन बनाने में कामयाब रही। कीवी टीम की तरफ से 34 साल के डेरिल मिचेल ने शानदार शतक लगाया और वह 119 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इसी पारी के बदौलत कीवी टीम 269 रन बनाने में कामयाब रही।
डेरिल मिचेल ने लगाया सातवां वनडे शतक
डेरिल मिचेल की बात करें तो वह जब बैटिंग करने के लिए आए उस वक्त टीम 24 के स्कोर पर 2 विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद उन्होंने पारी को संभाला। शुरुआत मिचेल संभलकर बैटिंग करते हुए नजर आए। लेकिन एक बार क्रीज पर सेट होने के बाद उन्होंने खुलकर शॉट्स खेलना शुरू किया। इस दौरान डेरिल मिचेल ने अपने करियर का 7वां वनडे शतक पूरा किया। अंत में वह 12 चौके और दो छक्के की मदद से 118 गेंदों में 119 रन बनाकर आउट हुए। मिचेल पिछले कुछ समय से वनडे क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
डेरिल मिचेल के लिए यह पिछली चार वनडे पारियों में तीसरा 50+ स्कोर है। वहीं पिछली आठ वनडे पारियों में उनका औसत 82 से ज्यादा का रहा है। वह इस फॉर्मेट में न्यूजीलैंड टीम के सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक हैं। अब वह बचे हुए दो वनडे मैचों में भी इसी फॉर्म को बरकरार रखना चाहेंगे।
NZ vs WI: पहला वनडे मैच का हाल
न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे वनडे मैच की बात करें तो डेरिल मिचेल के शानदार शतक के दम पर न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज के सामने 270 रनों का लक्ष्य रखा है। पहले बल्लेबाजी का मौका मिलने के बाद न्यूजीलैंड की शुरूआत खराब रही और 24 रन के कुल स्कोर तक 2 विकेट गिर गए। इसके बाद डेरिल मिचेल और डेवोन कॉनवे ने पारी को आगे बढ़ाया। मिचेल ने 118 गेंदों में 119 रन की पारी खेली। वहीं कॉनवे ने 58 गेंदों में 49 रन और माइकल ब्रेसवेल ने 52 गेंदों में 35 रन की पारी खेली। जिसकी बदौलत न्यूजीलैंड ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 269 रन बनाए। वेस्टइंडीज के लिए जेडन सील्स ने 3 विकेट, मैथ्यू फोर्ड ने 2 विकेट, जस्टिन ग्रीव्स और रोस्टन चेज ने 1-1 विकेट लिया।
यह भी पढ़ें
टेस्ट मैच के बीच में अस्पताल में भर्ती हुए शुभमन गिल, खेलने पर खड़ा हो गया बड़ा सवाल
IPL 2026 Auction: इस दिन सजेगा खिलाड़ियों का बाजार, खरीदने के लिए सभी टीमों के बीच होगी होड़
