डेविड मिलर ने रचा इतिहास, भारत के खिलाफ किया बड़ा कारनामा, मैक्सवेल का कीर्तिमान हो गया ध्वस्त
डेविड मिलर ने भारत के खिलाफ सुपर-8 मैच में धमाकेदार बल्लेबाजी की और तूफानी अर्धशतक जड़ा। इस शानदार पारी की बदौलत साउथ अफ्रीका बड़ी जीत दर्ज करने में सफल रहा।
David Miller: अहमदाबाद की पिच पर जब साउथ अफ्रीका शुरुआती झटकों से जूझ रहा था, तब एक बार फिर अनुभवी बल्लेबाज ने कमाल किया। 36 साल के धाकड़ बल्लेबाज डेविड मिलर ने ऐसी तूफानी बैटिंग की, जिसने न सिर्फ मैच का रुख पलटा बल्कि इतिहास भी रच दिया। T20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में भारत के खिलाफ मिलर ने रिकॉर्ड तोड़ पारी खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया के स्टार ग्लेन मैक्सवेल को पीछे छोड़ दिया।
संकट से उबारा, फिर बनाया रिकॉर्ड
भारत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 4 ओवर में 20 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे मुश्किल वक्त में मिलर ने डेवाल्ड ब्रेविस के साथ 97 रनों की अहम साझेदारी की। मिलर ने 35 गेंदों पर 63 रन ठोके, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। अंत में ट्रिस्टन स्टब्स ने 24 गेंदों पर 44 रन बनाकर पारी को शानदार अंदाज में फिनिश दिया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मिलर की पारी ही दोनों टीमों के बीच बड़ा अंतर साबित हुई।
भारत के खिलाफ किया कमाल
मिलर ने अपनी इस पारी के दौरान तीन छक्के जड़े और T20 इंटरनेशनल में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। अब उनके नाम भारत के खिलाफ 26 पारियों में 39 छक्के हो चुके हैं, जो मैक्सवेल (38 छक्के) से एक ज्यादा हैं।
भारत के खिलाफ T20I में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज
- डेविड मिलर - 39 छक्के
- ग्लेन मैक्सवेल - 38 छक्के
- निकोलस पूरन - 35 छक्के
- दासुन शनाका - 30 छक्के
- एविन लुईस - 28 छक्के
भारत की जीत का सिलसिला थमा
साउथ अफ्रीका ने यह मुकाबला 76 रन से जीतकर भारत को बड़ा झटका दिया। यह 2022 के बाद T20 वर्ल्ड कप में भारत को मिली पहली हार है। पिछली बार भारत को T20 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के हाथों हार मिली थी। लगातार आठ मैच जीतकर 2024 में खिताब जीतने वाली भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में भी चार जीत दर्ज की थीं, लेकिन अहमदाबाद में यह विजयी रथ रुक गया। अब सेमीफाइनल की राह भारत के लिए थोड़ी मुश्किल हो गई है। अब टीम इंडिया को सुपर-8 में बाकी के दोनों मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे।
यह भी पढ़ें
