1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. DC vs GT: दिल्ली की पिच पर बल्लेबाज या गेंदबाज किसका दिखेगा जलवा, टॉस की रहेगी अहम भूमिका

DC vs GT: दिल्ली की पिच पर बल्लेबाज या गेंदबाज किसका दिखेगा जलवा, टॉस की रहेगी अहम भूमिका

DC vs GT: आईपीएल 2026 सीजन का 14वां लीग मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस की टीम के बीच में खेला जाएगा, जिसमें दोनों टीमों के लिए ये मुकाबला काफी अहम रहने वाला है।

Arun Jaitley Stadium- India TV Hindi
Image Source : AFP अरुण जेटली स्टेडियम

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में दिल्ली कैपिटल्स टीम का अभी तक मैदान पर बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। दिल्ली कैपिटल्स ने दोनों ही मैचों को अपने नाम किया जिसमें समीर रिजवी ने बल्ले से अहम भूमिका निभाई है। अब उन्हें इस सीजन में अपना तीसरा मुकाबला अपने होम ग्राउंड अरुण जेटली स्टेडियम में गुजरात टाइटंस की टीम के खिलाफ खेलना है। ऐसे में सभी की नजरें सबसे ज्यादा पिच पर टिकी हुई हैं, जिसमें अब तक बल्लेबाजों का साफतौर पर दबदबा देखने को मिला है। गुजरात टाइटंस के लिए अभी तक ये सीजन बिल्कुल भी उम्मीद के अनुसार नहीं रहा है, जिसमें उन्होंने 2 मैच खेले हैं और दोनों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।

टारगेट का पीछा करने वाली टीम का रह सकता है पलड़ा भारी

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम की पिच को लेकर बात की जाए तो यहां पर टॉस जीतने के बाद टीमें टारगेट का पीछा करना अधिक पसंद करती हैं। आईपीएल इतिहास में अब तक इस स्टेडियम में कुल 98 मैच खेले गए हैं, जिसमें 47 बार जहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने मैच को अपने नाम किया है, तो वहीं 50 बार टारगेट का पीछा करने वाली टीम जीत हासिल करने में कामयाब रही है। दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच में ये मुकाबला पिच नंबर-5 पर खेला जाएगा। साल 2024 और 2025 के आईपीएल सीजन में इस स्टेडियम में 4-4 मुकाबले रात के समय खेले गए थे। इसमें नेट रनरेट को लेकर बात की जाए तो वह करीब 10 का देखने को मिला था। वहीं डेथ ओवर्स ये बढ़कर करीब 13 के पास पहुंच जाता है।

ऐसे में नई गेंद से शुरुआती तीन से चार ओवर्स काफी अहम रहने वाले हैं, ऐसे में गेंदबाजी करने वाली टीम यदि शुरुआती विकेट हासिल करने में कामयाब नहीं होती है तो फिर बड़ा स्कोर बनना तय माना जा सकता है। बीच के ओवर्स में पिच थोड़ा धीमे हो सकती है, जिसका फायदा स्पिनर्स को मिल सकता है। वहीं रात के समय मुकाबला होने की वजह से ओस की भूमिका भी काफी अहम रहने वाली हैं जिसमें इसके पहली पारी के 12वें ओवर के बाद आने की संभावना है। यहां पर पहली पारी के औसत स्कोर को देखा जाए तो वह 185 से 190 रनों के बीच का देखने को मिलता है। ऐसे में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को कम से कम 200 प्लस का स्कोर करने की कोशिश करनी होगी।

अब तक गुजरात का दिखा है दिल्ली के खिलाफ पलड़ा भारी

आईपीएल के इतिहास में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच में हेड टू हेड रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो उसमें गुजरात की टीम का पलड़ा थोड़ा भारी दिखा है। दोनों टीमों के बीच में अब तक कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से गुजरात टाइटंस की टीम ने जहां 4 मैचों को अपने नाम किया है तो वहीं दिल्ली कैपिटल्स की टीम तीन मैचों को ही जीतने में कामयाब हो सकी है। वहीं दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दोनों टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ तीन मैच खेले हैं और उसमें भी गुजरात टाइटंस ने 2 मैचों को अपने नाम किया है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स एक मैच ही जीत सकी है।

ये भी पढ़ें

IPL 2026 Points Table: राजस्थान बनाम मुंबई मैच के बाद अंक तालिका में भयंकर उलटफेर, टॉप के लिए जबरदस्त जंग

DC vs GT: कौन सी टीम जीतेगी आज का मुकाबला, बारिश हुई तो किसे होगा फायदा

Latest Cricket News