A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. DC vs SRH: दिल्ली की जीत में चमके डु प्लेसिस और स्टार्क, एकतरफा मुकाबले में हैदराबाद को 7 विकेट से दी मात

DC vs SRH: दिल्ली की जीत में चमके डु प्लेसिस और स्टार्क, एकतरफा मुकाबले में हैदराबाद को 7 विकेट से दी मात

दिल्ली कैपिटल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में सात विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की। दिल्ली की इस जीत में फाफ डुप्लेसी और मिचेल स्टार्क ने अहम भूमिका निभाई।

Faf du Plessis- India TV Hindi
Image Source : PTI फाफ डु प्लेसिस

दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने आईपीएल 2025 में 30 मार्च को खेले गए 10वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। SRH ने विशाखापट्टनम के मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली के सामने 164 रनों का लक्ष्य रखा, जिसे अक्षर पटेल की टीम ने 16 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर आसानी से हासिल कर लिया। दिल्ली की इस जीत में टीम के उपकप्तान फाफ डु प्लेसिस का योगदान काफी अहम रहा। उन्होंने 27 गेंदों में तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 50 रन बनाए। इससे पहले गेंदबाजी में दिल्ली के लिए मिचेल स्टार्क ने 5 विकेट हॉल लिया था।

DC vs SRH: अनिकेत वर्मा ने SRH के लिए खेली शानदार पारी

पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पावरप्ले के अंदर टीम ने चार विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद अनिकेत ने हेनरिक क्लासेन के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 77 रनों की पार्टनरशिप की। क्लासेन के आउट होते ही सनराइजर्स की बैटिंग फिर से लड़खड़ा गई। एक छोर से जहां विकेट गिरते रहे थे वहीं दूसरे ओर से अनिकेत लगातार बड़े शॉट्स खेल रहे थे। अगर उन्हें बाकी बल्लेबाजों का साथ मिलता तो वह शतक लगा सकते थे। हालांकि, कुलदीप की गेंद पर मैकगर्क ने शानदार कैच पकड़कर अनिकेत की पारी का अंत किया।

इस मैच में अनिकेत ने 41 गेंद में 74 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 6 छक्के लगाए। अनिकेत के अलावा क्लासेन ने 32 रन और ट्रेविस हेड ने 22 रन बनाए। सनराइजर्स हैदराबाद की खराब बल्लेबाजी का अंदाजा आप इससे लगा सकते हैं कि उनके आठ बल्लेबाज दहाई अंक तक भी नहीं पहुंच सके। दिल्ली के लिए इस मैच में गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। दिल्ली के लिए तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट झटके, जबकि कुलदीप यादव को तीन और मोहित शर्मा को एक विकेट मिला। 

DC vs SRH: फाफ डु प्लेसिस ने खेली मैच विनिंग पारी

रन चेज के दौरान दिल्ली को फाफ डु प्लेसिस और जैक फ्रेजर मैकगर्क ने शानदार शुरुआत दिलाई और दोनों ने पहले विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी की। डु प्लेसिस ने इस दौरान अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन फिफ्टी लगाने के तुरंत बाद वह डेब्यूडेंट जीशान अंसारी की गेंद पर आउट हुए। उसके बाद मैकगर्क को अंसारी ने पवेलियन भेजा। इसके बाद इस गेंदबाज ने दिल्ली के लिए पहला मैच खेलने वाले केएल राहुल को बोल्ड किया। हालांकि, जीशान की शानदार गेंदबाजी के बावजूद SRH को इस मैच में हार का सामना करना पड़ा।

दिल्ली कैपिटल्स के लिए डु प्लेसिस ने सबसे ज्यादा 50 रन बनाए, जबकि मैकगर्क ने 38 रनों पारी खेली। इस सीजन पहला मैच खेल रहे केएल राहुल पांच गेंदों पर 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे। तीन विकेट जल्दी गिरने के बाद अभिषेक पोरेल और ट्रिस्टन स्टब्स ने मोर्चा संभाला और कुछ बड़े शॉट्स लगाए। 16वें ओवर की अंतिम गेंद पर छक्का लगाकर अभिषेक ने दिल्ली को जीत दिलाई। पोरेल पांच गेंदों में दो चौका और एक छक्के की मदद से 15 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि स्टब्स 14 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 21 रन बनाकर नाबाद रहे। SRH के लिए सभी तीन विकेट जीशान अंसारी ने लिए।

Latest Cricket News