A
Hindi News खेल क्रिकेट भारत को वर्ल्ड कप जिताने वाली प्लेयर पर पहले लगी सिर्फ 50 लाख की बोली, अचानक से UPW ने किया खेल

भारत को वर्ल्ड कप जिताने वाली प्लेयर पर पहले लगी सिर्फ 50 लाख की बोली, अचानक से UPW ने किया खेल

दीप्ति शर्मा ने भारतीय टीम के लिए महिला वर्ल्ड कप 2025 में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। अब ऑक्शन में उन्हें करोड़ों रुपए मिले हैं।

deepti sharma- India TV Hindi Image Source : PTI दीप्ति शर्मा

WPL 2026 के लिए मेगा ऑक्शन दिल्ली में रहा है। जहां पांच टीमें प्लेयर्स को खरीदने के लिए बिडिंग वॉर कर रही हैं। अब यहां पर भारतीय टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा पर पैसों की बरसात हुई है, जहां यूपी वॉरियर्स की टीम ने उन्हें राइट टू मैच का इस्तेमाल करके अपनी टीम में शामिल किया है।

यूपी वॉरियर्स की टीम में हुई दीप्ति शर्मा की एंट्री

WPL 2026 मेगा ऑक्शन के लिए दीप्ति शर्मा ने अपना बेस प्राइज 50 लाख रुपए रखा था। इसके बाद ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने उनके ऊपर सबसे पहले 50 लाख रुपए की बोली लगाई थी, जो ऑक्शन में दीप्ति के लिए एकमात्र बोली थी। इसके बाद यूपी वॉरियर्स की टीम ने दीप्ति के लिए राइट टू मैच (RTM) का इस्तेमाल किया।  फिर गेंद दिल्ली कैपिटल्स के पाले में चली गई और उन्होंने 3.2 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया। फिर यूपी वॉरियर्स ने इस कीमत को स्वीकार कर लिया और इस तरह से यूपी वॉरियर्स की टीम में दीप्ति की 3.2 करोड़ रुपए में एंट्री हो गई।
 
जब किसी भी खिलाड़ी के लिए ऑक्शन में कोई टीम बोली लगाती है और अगर उसकी पुरानी टीम प्लेयर को दोबारा हासिल करना चाहती है, तो वह राइट टू मैच (RTM) का इस्तेमाल कर सकती है। इसके बाद बोली लगाने वाली टीम खिलाड़ी की पुरानी टीम को एक कीमत देती है, जिसे पुरानी टीम स्वीकार भी कर सकती है और मना भी कर सकती है।

पहले भी यूपी वॉरियर्स के लिए खेल चुकी दीप्ति शर्मा

दीप्ति शर्मा WPL के पहले सीजन से यूपी वॉरियर्स की टीम से खेल रही हैं और उन्होंने अभी तक WPL में कुल 25 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 507 रन बनाए हैं। इसके अलावा 27 विकेट भी चटकाए हैं।

महिला वर्ल्ड कप 2025 में किया कमाल

दीप्ति शर्मा पिछले कुछ समय से बहुत ही शानदार फॉर्म में चल रही हैं और उन्होंने भारतीय टीम को महिला वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जिताने में अहम रोल प्ले किया था। इस टूर्नामेंट में दीप्ति ने अहम मौकों पर टीम के लिए दमदार खेल दिखाया। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने 215 रन और दो विकेट झटके थे। इसी वजह से उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड मिला था। वहीं साउथ अफ्रीकी महिला टीम के खिलाफ फाइनल में उन्होंने 58 गेंदों में कुल 58 रन बनाए थे, जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल रहा था। बाद में गेंदबाजी में भी कमाल करते हुए 9.3 ओवर्स में कुल पांच विकेट झटके थे।

Latest Cricket News