1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड T20 WC से बाहर, इंग्लैंड की धमाकेदार जीत से वेस्टइंडीज को मिला सेमीफाइनल का टिकट

डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड T20 WC से बाहर, इंग्लैंड की धमाकेदार जीत से वेस्टइंडीज को मिला सेमीफाइनल का टिकट

ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड का सफर ग्रुप स्टेज में ही समाप्त हो गया। न्यूजीलैंड की हार से वेस्टइंडीज की टीम को सेमीफाइनल का टिकट मिल गया।

ICC Womens T20 World Cup 2026- India TV Hindi
Image Source : AFP न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज

ICC वूमेन्स T20 कप 2026 में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड का अभियान ग्रुप स्टेज में ही समाप्त हो गया। मेजबान इंग्लैंड ने अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए न्यूजीलैंड को 9 विकेट से हराकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। इस जीत के साथ इंग्लैंड ग्रुप-बी में बिना एक भी मैच हारे टॉप पर फिनिश करते हुए सेमीफाइनल में पहुंच गया, वहीं वेस्टइंडीज भी आयरलैंड के खिलाफ हार का स्वाद चखने के बावजूद सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रही। यह मुकाबला न्यूजीलैंड की तीन दिग्गज खिलाड़ी सोफी डिवाइन, सूजी बेट्स और लिया ताहुहू के इंटरनेशनल करियर का आखिरी मैच भी साबित हुआ।

इंग्लिश गेंदबाजों ने किया कमाल

लंदन के द ओवल में खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 163 रन बनाए। टीम की शुरुआत संभली हुई रही और पावरप्ले तक उसने बिना विकेट खोए 44 रन जोड़ लिए थे। कप्तान अमेलिया केर ने 42 रन की अहम पारी खेली, जबकि सोफी डिवाइन ने केवल 14 गेंदों में 30 रन ठोककर टीम की रनगति तेज कर दी। हालांकि, इंग्लैंड ने मैच का रुख उस समय पलट दिया जब उसने बिना कोई रन दिए चार गेंदों के भीतर तीन विकेट झटक लिए। डेनिएल गिब्सन ने लगातार दो अहम झटके देकर न्यूजीलैंड को 70/3 के स्कोर पर मुश्किल में डाल दिया। इसके बाद ब्रूक हॉलिडे ने 20 रन और डिवाइन ने 25 गेंदों में 54 रन जोड़कर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन दोनों के आउट होते ही पारी फिर लड़खड़ा गई। आखिर में मैडी ग्रीन 17 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि सूजी बेट्स ने 19 रन का योगदान दिया और न्यूजीलैंड 163 रन तक पहुंच सका।

इंग्लैंड की ओर से डेनिएल गिब्सन सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने दो विकेट लिए, जबकि लॉरेन बेल को एक सफलता मिली। 164 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। हालांकि एमी जोन्स 17 रन बनाकर आउट हो गईं, लेकिन इसके बाद डैनी वायट-हॉज और सोफिया डंकली ने न्यूजीलैंड की वापसी की सारी उम्मीदें खत्म कर दीं।

डैनी वायट ने बल्ले से किया कमाल

डैनी वायट-हॉज ने टूर्नामेंट में अपनी तीसरी फिफ्टी जड़ते हुए 53 गेंदों पर नाबाद 89 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनकी इस पारी में 15 चौके और एक छक्का शामिल रहा। दूसरी ओर सोफिया डंकली ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 100 रन से ज्यादा की साझेदारी कर इंग्लैंड को 17.2 ओवर में ही लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

इस जीत के साथ इंग्लैंड ने ग्रुप स्टेज के सभी पांच मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं, न्यूजीलैंड की हार ने टूर्नामेंट से उसकी विदाई तय कर दी। इससे पहले वेस्टइंडीज की टीम को अपने आखिरी ग्रुप स्टेज मैच में आयरलैंड से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, कीवी टीम की हार से उन्हें बड़ा फायदा हुआ और उन्हें सेमीफाइनल का टिकट मिल गया।

यह भी पढ़ें

वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम इंडिया का करो या मरो मैच, कैसा है दोनों का हेड टू हेड रिकॉर्ड

श्रेयस अय्यर को कैप्टन्सी डेब्यू पर मिली करारी हार, विराट-गिल वाले अनचाहे लिस्ट में शामिल हुआ नाम

Latest Cricket News