विजय हजारे ट्रॉफी के एलिट ग्रुप डी में 31 दिसंबर को दिल्ली का सामना ओडिशा से हुआ। इस मैच में दिल्ली की टीम को 79 रनों से हार का सामना करना पड़ा। यह इस सीजन दिल्ली की पहली हार है। इससे पहले दिल्ली की टीम लगातार तीन मैच जीतने में कामयाब रही थी। इस मैच में विराट कोहली दिल्ली के लिए नहीं खेल रहे थे। वहीं कप्तान ऋषभ पंत का बल्ला भी नहीं चला और इसी वजह से उन्हें अंत में हार का सामना करना पड़ा।
दिल्ली के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज हुए फ्लॉप
इस मैच में दिल्ली की टीम 273 रन का टारगेट चेज कर रही थी। इस रन चेज के दौरान दिल्ली के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज बुरी तरह फ्लॉप रहे। सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या 5 और सार्थक रंजन एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने आए आयुष डोसेजा को इस मैच में शुरुआत जरूर मिली लेकिन अंत में वह 47 गेंदों पर 28 रन की धीमी पारी खेलकर आउट हो गए। वहीं अनुभवी बल्लेबाज नितीश राणा 2 रन और तेजस्वी सिंह 1 रन बनाकर चलते बने। दिल्ली के लिए हर्ष त्यागी ने 43 रन का योगदान दिया।
ऋषभ पंत का बल्ला इस मैच में रहा खामोश
इस टूर्नामेंट में अब तक दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत का बल्ला बिल्कुल खामोश रहा है। इस मैच में भी वह 28 गेंदों में 24 रन ही बना पाए। इससे पहले वह सौराष्ट्र के खिलाफ भी 22 रन ही बना पाए थे। वहीं गुजरात के खिलाफ मैच में वह 70 रन बनाकर आउट हो गए थे। वहीं आंध्रा के खिलाफ पहले मैच में वह 5 रन बनाकर आउट हो गए थे। पंत इस सीजन विजय हजारे ट्रॉफी के सभी मैच में खेलेंगे। ऐसे में वह आगामी मैच में बड़ी पारी खेलना चाहेंगे। वहीं 6 जनवरी को रेलवे के खिलाफ खेले जाने वाले मैच में विराट कोहली भी दिल्ली के लिए खेलते हुए नजर आएंगे।
ओडिशा ने पहले बैटिंग करते हुए बनाए 272 रन
इस मैच में ओडिशा पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 272 रन बनाने में कामयाब रही। ओडिशा के लिए इस मैच में बिपलब समंतराय ने अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 74 गेंदों पर 72 रन बनाए। उनके अलावा गोविंद पोद्दार ने 35 रन का योगदान दिया। दिल्ली के लिए गेंदबाजी में ह्रितिक शौकीन ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। वहीं प्रिंस यादव ने दो विकेट अपने नाम किए।
यह भी पढ़ें
ICC Rankings: इस बल्लेबाज ने आईसीसी रैंकिंग में मारी लंबी छलांग, जो रूट की कुर्सी पर मंडराया खतरा
इस बल्लेबाज ने भी ठोक दिया धमाकेदार शतक, क्या अभी भी BCCI करेगा इग्नोर
Latest Cricket News