क्रिकेट स्कॉटलैंड ने रविवार को बताया कि डग वाटसन ने स्कॉटलैंड मे क्रिकेट टीम के मुख्य कोच पद से इस्तीफा दे दिया है। यह कदम हाल के प्रदर्शन, भविष्य के मैचों की योजना और बजट आवंटन की समीक्षा के बाद उठाया गया। वाटसन का यह फैसला T20 वर्ल्ड कप यूरोप क्वालीफायर 2025 में जर्सी और इटली से हार के बाद आया, जिससे स्कॉटलैंड मुख्य टूर्नामेंट में जगह नहीं बना सका। वाटसन को मार्च 2023 में अंतरिम हेड कोच के रूप में नियुक्त किया गया था, जब ICC मेन्स वर्ल्ड कप क्वालीफायर जिम्बाब्वे में होने वाला था। उस अभियान के दौरान उन्होंने टीम को तीन फुल मेंबर देशों के खिलाफ जीत दिलाई।
T20 WC 2024 में स्कॉटलैंड ने दर्ज की 2 जीत
उन्होंने जुलाई 2023 में ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप यूरोप क्वालीफायर में स्कॉटलैंड को जीत दिलाई और फिर उन्हें 2024 की शुरुआत में स्थायी मुख्य कोच नियुक्त किया गया। वाटसन ने कहा कि उन्हें यह बताते हुए दुख हो रहा है कि अब वह आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन इस टीम के साथ बिताए अपने समय की कई यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी। इस टीम और कोचिंग स्टाफ के साथ काम करने का अनुभव बहुत अच्छा रहा।वाटसन के नेतृत्व में, स्कॉटलैंड ने 2024 ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज और अमेरिका में अच्छा प्रदर्शन किया। टीम ने अपने ग्रुप में नामीबिया और ओमान को हराया। हालांकि, टीम सुपर 8 स्टेज तक नहीं पहुंच सकी।
क्रिकेट स्कॉटलैंड ने जताया आभार
क्रिकेट स्कॉटलैंड की मुख्य कार्यकारी ट्रूडी लिंडब्लेड ने कहा कि डग के योगदान और टीम के प्रदर्शन एवं संस्कृति पर उनके सकारात्मक प्रभाव के लिए हम उनके आभारी हैं। 2026 और उससे आगे की योजना के लिए बदलाव जरूरी हो गया था। हम डग और उनके परिवार के लिए भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं। बोर्ड ने यह भी कहा कि नए मुख्य कोच की नियुक्ति के लिए जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि मार्च 2026 में नामीबिया में ICC CWCL2 सीरीज तक नया कोच टीम के साथ जुड़ सके।
स्कॉटलैंड के हेड ऑफ परफॉर्मेंस स्टीव स्नेल ने कहा कि डग टीम के खिलाड़ियों द्वारा पसंद किए जाते हैं और उन्होंने कई क्षेत्रों में सकारात्मक प्रभाव डाला है। मार्च 2026 तक कोई मैच नहीं होने और डग विदेश में रहने के कारण यह सही समय है कि कोचिंग व्यवस्था टीम की आवश्यकताओं के अनुरूप हो। हम डग को उनके अगले कदमों के लिए शुभकामनाएं देते हैं और स्कॉटलैंड क्रिकेट में उनके योगदान के लिए आभारी हैं।
Latest Cricket News