1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. दलीप ट्रॉफी फाइनल में ईस्ट जोन ने जड़े 708 रन, ईशान किशन ने खेली 270 रनों की पारी

दलीप ट्रॉफी फाइनल में ईस्ट जोन ने जड़े 708 रन, ईशान किशन ने खेली 270 रनों की पारी

दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल मुकाबला ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच चेन्नई में खेला जा रहा है। ईशान किशन 270 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटे। ईस्ट जोन की टीम 708 रन बनाकर सिमट गई।

Ishan Kishan- India TV Hindi
Image Source : PTI ईशान किशन

चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल मैच खेला जा रहा है। ईस्ट जोन की टीम दूसरे दिन 708 रन के स्कोर पर सिमट गई। टीम ने पहले दिन 4 विकेट खोकर 385 रन बनाए थे। वहीं, दूसरे दिन 6 विकेट खोए और 323 रन स्कोर में और जोड़े। कप्तान ईशान किशन 270 रन बनाकर आउट हुए। ईशान किशन ने इस ऐतिहासिक पारी के दौरान कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। उन्होंने अपनी पारी में 334 गेंदों का सामना किया। इस दौरान उनके बल्ले से 30 चौके और 7 छक्के निकले। ईशान के अलावा कुमार कुशाग्र ने शानदार 101 रन बनाए। शिखर मोहन और अभिमन्यु ईश्वरन ने भी शानदार अर्धशतक जड़े। मोहन ने 120 गेंदों का सामना करते हुए 85 रन जबकि अभिमन्यु ने 86 गेंदों का सामना करते हुए 72 रन बनाए। साउथ जोन की ओर से त्रिपुरणा विजय ने सबसे ज्यादा 4 विकेट अपने नाम किए। चामा वी मिलिंद और श्रेयस गोपाल ने 2-2 सफलता हासिल की। शेख रशीद ने एक चटकाया।

पहले दिन की बात की जाए, तो टीम के ओपनर वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यु ईश्वरन ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। इसके बाद शिखर मोहन ने 85 रनों की बेहतरीन पारी खेली। बाद में कप्तान ईशान किशन ने मोर्चा संभाला और शानदार शतक लगाया। दूसरे दिन किशन दोहरा शतक जड़ने में कामयाब रहे।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ईस्ट जोन की टीम को वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यु ईश्वरन ने तूफानी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी की। ईस्ट जोन को पहला झटका वैभव सूर्यवंशी के रूप में लगा, जो 44 रन बनाकर पुल शॉट खेलने की कोशिश में आउट हो गए। इसके बाद बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे अभिमन्यु ईश्वरन भी 72 रन बनाकर रन आउट हो गए। लंच के बाद सुदीप के रूप में टीम को तीसरा झटका लगा, फिर शिखर मोहन भी 85 रन की शानदार पारी खेलकर पवेलियन लौट गए।

ईस्ट जोन वर्सेस साउथ जोन प्लेइंग XI

ईस्ट जोन (प्लेइंग XI): अभिमन्यु ईश्वरन, वैभव सूर्यवंशी, कुमार कुशाग्र, सुदीप कुमार घरामी, ईशान किशन (विकेट कीपर/कप्तान), शिखर मोहन, अनुकूल रॉय, मोहम्मद कौनैन कुरैशी, मोहम्मद शमी, अभिजीत के सरकार, मुकेश कुमार

साउथ जोन (प्लेइंग XI): रिकी भुई, नारायण जगदीसन (विकेट कीपर), देवदत्त पडिक्कल, शेख रशीद, तिलक वर्मा (कप्तान), स्मरण रविचंद्रन, श्रेयस गोपाल, त्रिपुराना विजय, मोहम्मद सिराज, चामा वी मिलिंद, एमडी निधीश

Latest Cricket News