1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. श्रीलंकाई टीम से वापस जुड़ेगा स्टार खिलाड़ी, एशिया कप 2025 के बीच में लौट गया था घर

श्रीलंकाई टीम से वापस जुड़ेगा स्टार खिलाड़ी, एशिया कप 2025 के बीच में लौट गया था घर

टी20 एशिया कप 2025 के सुपर-4 राउंड में श्रीलंकाई क्रिकेट टीम अपना पहला मुकाबला बांग्लादेश के खिलाफ 20 सितंबर को खेलेगी। अब इस मैच से पहले ही टीम से एक स्टार खिलाड़ी जुड़ेगा।

sri lanka cricket team- India TV Hindi
Image Source : AP श्रीलंकाई क्रिकेट टीम

श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी दुनिथ वेल्लालागे अफगानिस्तान के खिलाफ मैच के बाद स्वदेश वापस लौट गए थे। उनके पिता का  निधन 18 सितंबर की सुबह को हो गया था। अफगानिस्तान के खिलाफ मैच के बाद उन्हें ये दुखद खबर दी गई और इसके बाद श्रीलंकाई टीम के प्लेयर्स ने उनका हौसला भी बढ़ाया था। अब श्रीलंकाई क्रिकेट टीम की तरफ से बताया गया है कि दुनिथ टीम के साथ जुड़ जाएंगे।

बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले के लिए रहेंगे उपलब्ध

श्रीलंकाई क्रिकेट टीम की तरफ से ट्वीट किया गया है, जिसमें बताया गया है कि दुनिथ वेल्लालागे दिवंगत पिता को श्रद्धांजलि देने के बाद टीम मैनेजर महिंदा हालंगोडे के साथ यूएई जाएंगे। श्रीलंकाई क्रिकेट टीम सुपर-4 राउंड में अपना पहला मुकाबला बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगी और वेल्लालागे इस मैच में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे।

श्रीलंकाई टीम के लिए खेले हैं पांच T20I मैच

दुनिथ वेल्लालागे ने श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में साल 2024 में डेब्यू किया था। इसके बाद से उन्होंने अभी तक पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों में कुल 7 विकेट हासिल किए हैं। वही वनडे क्रिकेट में उनके नाम पर 39 विकेट दर्ज हैं।

ग्रुप स्टेज में जीते थे तीनों मुकाबले

श्रीलंकाई क्रिकेट टीम ने ग्रुप स्टेज में कमाल का प्रदर्शन किया था। टीम ने अपने पहले मुकाबले में बांग्लादेश को 6 विकेट से हराया था। फिर हांगकांग को चार विकेट से पटखनी दी थी। इसके बाद अफगानिस्तान को 6 विकेट से धूल चटाई। तीन मैचों में 6 अंकों के साथ उसने सुपर-4 के लिए क्वालीफाई किया था।

श्रीलंका ने 6 बार जीता है एशिया कप का खिताब

श्रीलंकाई क्रिकेट टीम कुल 6 बार एशिया कप का खिताब जीत चुकी है, जिसमें एक बार उसने इस ट्रॉफी को टी20 फॉर्मेट में जीता था। तब श्रीलंका ने टी20 एशिया कप 2022 के फाइनल में पाकिस्तान को धूल चटाई थी। 

यह भी पढ़ें:

भारतीय क्रिकेट टीम ने हासिल किया बड़ा मुकाम, T20I में ऐसा करने वाली सिर्फ दूसरी टीम

रोहित की तरह टॉस के समय Playing 11 ही भूले कप्तान सूर्या, सिर्फ एक बदलाव ही रह गया याद

Latest Cricket News