1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. दलीप ट्रॉफी के फाइनल का चौथा दिन समाप्त, ईस्ट जोन की लीड पहुंची 584 रन

दलीप ट्रॉफी के फाइनल का चौथा दिन समाप्त, ईस्ट जोन की लीड पहुंची 584 रन

दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल मुकाबले में चार दिन का खेल खेला जा चुका है। ईस्ट जोन की बढ़त 600 रन के करीब पहुंच गई है।

Duleep Trophy Final 2026- India TV Hindi
Image Source : PTI दलीप ट्रॉफी फाइनल 2026

चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में भारतीय घरेलू सत्र का प्रतिष्ठित टूर्नामेंट दलीप ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला ईस्ट जोन और साउथ जोन की टीम के बीच में खेला जा रहा है। इस खिताबी मैच के चौथे दिन का खेल खत्म होने तक ईस्ट जोन की स्थिति काफी मजबूत है। ईस्ट जोन ने अपनी पहली पारी में 708 रनों का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में साउथ जोन की टीम चौथे दिन 336 रनों पर ढेर हो गई। इसके बाद ईस्ट जोन ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी दूसरी पारी में 5 विकेट खोकर 212 रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए। इस तरह ईस्ट जोन ने साउथ जोन पर 584 रनों की विशाल बढ़त हासिल कर ली है। पहली पारी में शानदार 270 रनों की पारी खेलने वाले ईशान किशन ने दूसरी पारी में भी बल्ले से कमाल दिखाया और 80 रनों की पारी खेली। वहीं, शिखर मोहन ने 52 रनों का योगदान दिया।

तीसरे दिन के खेल में दिखा ईस्ट जोन के गेंदबाजों का कमाल

दलीप ट्रॉफी फाइनल मुकाबले के पहले दो दिनों का खेल जहां ईस्ट जोन के बल्लेबाजों के नाम रहा तो वहीं तीसरे दिन के खेल में उनके गेंदबाजों का कमाल देखने को मिला। साउथ जोन की तरफ से खेल रहे हाल में श्रीलंका दौरे पर शानदार फॉर्म दिखाने वाले देवदत्त पडिक्कल ने अपनी पारी की शुरुआत तो काफी अच्छी की जिसमें वह अर्धशतक भी लगाने में कामयाब रहे लेकिन 62 के निजी स्कोर पर मुकेश कुमार ने उनको पवेलियन भेजने के साथ अपनी टीम को बड़ी सफलता दिलाई। वहीं इसके अलावा नारायण जगदीशन 32 रन और शेख रशीद 27 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे। तीसरे दिन का खेल खत्म होने पर साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा 56 जबकि उनके साथ चामा मिलिंद 2 रन बनाकर खेल रहे थे। साउथ जोन की टीम को अभी भी इस मैच में फॉलोऑन टालने के लिए 266 रन और बनाने जो काफी मुश्किल काम दिख रहा है।

ईस्ट जोन की तरफ से बल्ले से दिखा कप्तान ईशान किशन का कमाल

साउथ जोन के खिलाफ दलीप ट्रॉफी फाइनल मुकाबले में ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया जिसको उनकी पूरी टीम ने मिलकर सही साबित किया। ईशान किशन भी फाइनल मैच में ऐतिहासिक 270 रनों की पारी खेलने में कामयाब रहे जिसके दम पर उनकी टीम 708 रनों के स्कोर तक पहुंच सकी, तो वहीं इसके अलावा कुमार कुशाग्र के बल्ले से भी शतकीय पारी देखने को मिली।

Latest Cricket News