1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ब्रेंडन मैकुलम की छुट्टी, इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कोच पद से हटाए गए, ODI और T20I में बरकरार रहेगी कुर्सी

ब्रेंडन मैकुलम की छुट्टी, इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कोच पद से हटाए गए, ODI और T20I में बरकरार रहेगी कुर्सी

इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने बड़ा फैसला लेते हुए ब्रेंडन मैकुलम को टेस्ट टीम के हेड कोच पद से हटाने का ऐलान किया है। चार साल तक इस जिम्मेदारी को निभाने वाले मैकुलम अब केवल इंग्लैंड की ODI और T20I टीमों के हेड कोच बने रहेंगे।

Brendon McCullum- India TV Hindi
Image Source : AFP ब्रेंडन मैकुलम

इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड यानी ECB ने टेस्ट टीम को लेकर बड़ा फैसला लिया है। पिछले चार सालों से इंग्लैंड की टेस्ट टीम को नई पहचान देने वाले ब्रेंडन मैकुलम अब टेस्ट टीम के हेड कोच नहीं रहेंगे। हालांकि, वह लिमिटेड ओवर्स की टीमों के हेड कोच बने रहेंगे। मैकुलम का टेस्ट कोच के तौर पर कार्यकाल ऐसे दौर में खत्म हो रहा है, जब इंग्लैंड की टीम हाल के महीनों में लगातार खराब नतीजों से जूझ रही थी।

मैकुलम ने 2022 में इंग्लैंड की टेस्ट टीम की कमान संभाली थी। कप्तान बेन स्टोक्स के साथ उनकी जोड़ी ने बैजबॉल यानी आक्रामक क्रिकेट को दुनिया के सामने लाया। उनकी अगुआई में इंग्लैंड ने शुरुआती 11 टेस्ट में से 10 मुकाबले जीतकर क्रिकेट जगत को चौंका दिया था। लेकिन इसके बाद टीम का प्रदर्शन लगातार गिरता गया।

पिछले 9 टेस्ट में मिली 7 हार

चार साल के कार्यकाल में मैकुलम की कोचिंग में इंग्लैंड ने 49 टेस्ट खेले, जिनमें 27 जीत, 2 ड्रॉ और 20 हार मिली। इनमें से 7 हार टीम को अपने आखिरी नौ टेस्ट मैचों में झेलनी पड़ीं। सबसे बड़ी बात यह रही कि उनके कार्यकाल में इंग्लैंड की टीम ऑस्ट्रेलिया और भारत के खिलाफ एक भी टेस्ट सीरीज नहीं जीत सकी। उनका कार्यकाल भी एक दिलचस्प संयोग के साथ समाप्त हुआ। जिस तरह उन्होंने 2022 में अपने देश न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में 3-0 की जीत के साथ शुरुआत की थी, उसी न्यूजीलैंड के खिलाफ हालिया घरेलू सीरीज में हार के साथ उनका सफर समाप्त हुआ। इसी सीरीज के बाद कप्तान बेन स्टोक्स ने भी अचानक टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया था।

ECB ने क्यों लिया बड़ा फैसला?

इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के CEO रिचर्ड गोल्ड ने कहा कि मैकुलम ने टेस्ट टीम में नई ऊर्जा और नई सोच का संचार किया। उनके कार्यकाल में टीम ने कई यादगार जीत दर्ज कीं, लेकिन अब टीम को अगले स्तर पर ले जाने के लिए बदलाव जरूरी है। उन्होंने कहा कि ब्रेंडन ने इंग्लैंड की टेस्ट टीम में नई जान फूंकी और हमें कई शानदार जीत दिलाईं। हम उनके योगदान के लिए आभारी हैं। अब हमें लगता है कि अगले साल एशेज जीतने के लक्ष्य को देखते हुए टेस्ट टीम में बदलाव का समय आ गया है। टेस्ट टीम से विदाई के बावजूद मैकुलम इंग्लैंड की ODI और T20I टीमों के मुख्य कोच बने रहेंगे। उनकी कोचिंग में इंग्लैंड इस साल T20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल तक पहुंचा और हाल ही में भारत को हराकर T20I रैंकिंग में दुनिया की नंबर-1 टीम भी बना।

यह भी पढ़ें:

इंग्लैंड के हाथों मिली करारी हार से तिलमिलाए श्रेयस अय्यर, टीम की इस बड़ी कमजोरी पर निकाला गुस्सा

Latest Cricket News