साउथ अफ्रीका ने अंग्रेजों को दिखाए तारे, आठ साल बाद हुआ ऐसा कारनामा
साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को पहले ही वनडे में बुरी तरह से पटकनी दी है। साउथ अफ्रीका ने मुकाबला सात विकेट से अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की है।
England vs South Africa 1st ODI match : इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का आगाज हो चुका है। पहले ही मैच में अंग्रेजों को करारी हार का सामना करना पड़ा है। पहली पारी के बाद ही लगने लगा था कि मुकाबला करीब करीब एकतरफा होगा। इस दौरान आठ साल बाद साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड के खिलाफ इतने कम ओवर में मैच जीतने में कामयाबी हासिल की है।
इंग्लैंड की टीम केवल 131 रन पर ही हो गई आउट
पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम अपने कोटे के पूरे 50 ओवर नहीं खेल पाई और केवल 24.3 ओवर में 131 रन बना सकी। इसके जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम ने 20.5 ओवर में तीन विकेट खोकर 137 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। साउथ अफ्रीका की ये इंग्लैंड पर सबसे तेज दूसरी जीत है।
साल 2007 में मिली थी सबसे तेज जीत
साउथ अफ्रीका को इंग्लैंड पर सबसे तेज जीत साल 2007 में मिली थी। तब साउथ अफ्रीका ने केवल 19.2 ओवर में ही टारगेट चेज कर लिया था। इस बार भी टीम के पास मौका था कि वे इस 132 रनों के टारगेट को 19 ओवर में जीतकर नया रिकॉर्ड बनाएं, लेकिन इससे वे चूक गए। इसके बाद भी दूसरी सबसे तेज जीत तो आ गई है। साल 2017 में साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड के खिलाफ 28.5 ओवर में जीत हासिल की थी, लेकिन इस मैच की जीत इससे भी पहले आई है।
एडन मारक्रम ने खेली अपनी टीम के लिए जबरदस्त पारी
साउथ अफ्रीका की ओर से सलामी बल्लेबाज एडन मारक्रम ने शानदार 86 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 55 बॉल का सामना किया और 13 चौकों के साथ दो छक्के भी लगाए। रियान रिकल्टन ने भी 31 रन बनाए। उनके बल्ले से चार चौके आए। एक वक्त टीम 10 विकेट से जीतते हुए लग रही थी, लेकिन अचानक तीन विकेट जल्दी जल्दी गिरने से जीत सात विकेट से ही मिल पाई। इंग्लैंड के लिए केवल जेमि स्मिथ ही 54 रन की पारी खेल पाए। टीम के लिए दूसरा सबसे बड़ा स्कोर जॉस बटलर का रहा, जिन्होंने केवल 15 रन ही बनाए थे।
दो वनडे बाकी, इसके बाद होंगे तीन टी20 इंटरनेशनल मुकाबले
तीन मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला अब 4 सितंबरको खेला जाएगा। इसके बाद आखिरी मुकाबला 7 सितंबर को होगा। इसके बाद दोनों टीमें तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों में भी आमने सामने होंगी। इसका पहला मैच 10 सितंबर को है, दूसरा मैच 12 सितंबर को है और आखिरी मुकाबला 14 सितंबर को खेला जाएगा।
