A
Hindi News खेल क्रिकेट ENG vs SCO T20 World Cup: इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड को दी 5 विकेट से मात, टॉम बैंटन ने खेली धुआंधार पारी

ENG vs SCO T20 World Cup: इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड को दी 5 विकेट से मात, टॉम बैंटन ने खेली धुआंधार पारी

ENG vs SCO T20 World Cup: इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले को 5 विकेट से अपने नाम कर लिया है। इंग्लैंड की टीम को इस मैच में 153 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उन्होंने 18.2 ओवर्स में हासिल कर लिया।

इंग्लैंड बनाम...- India TV Hindi Image Source : AP इंग्लैंड बनाम स्कॉटलैंड, टी20 वर्ल्ड कप 2026 मैच

England vs Scotland T20 World Cup 2026 Match: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 23वां मुकाबला इंग्लैंड और स्कॉटलैंड की टीम के बीच में कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला गया जिसे इंग्लैंड की टीम 5 विकेट से अपने नाम करने में कामयाब रही है।। इस मैच में इंग्लैंड टीम के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था, जिसके बाद उनके गेंदबाजों का कमाल देखने को मिला है। स्कॉटलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.4 ओवर्स में 152 रनों के स्कोर पर सिमट गई। स्कॉटलैंड की तरफ से बल्लेबाजी में कप्तान रिची बेरिंगटन ने सबसे ज्यादा 49 रनों की पारी खेली, तो वहीं इसके अलावा मिचेल जोन्स ने 33 और टॉम ब्रूस ने 24 रनों की पारी खेली। इंग्लैंड की तरफ से गेंदबाजी में लेग स्पिनर आदिल रशीद का कमाल देखने को मिला, जिन्होंने अपने 4 ओवर्स में जहां सिर्फ 36 रन दिए तो वहीं तीन विकेट लेने में कामयाब रहे। इसके अलावा जोफ्रा आर्चर और लियम डॉसन ने 2-2 विकेट जबकि जेमी ओवरटन और सैम करन ने 1-1 विकेट हासिल किया।

153 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी इंग्लैंड टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही, जिसमें उन्होंने फिल साल्ट और जोस बटलर दोनों का विकेट 13 के स्कोर तक गंवा दिया था। इसके बाद टॉम बैंटन ने एक छोर से पारी को संभालते हुए रनों की गति को तेज करने के साथ इंग्लैंड की टीम को जीत की तरफ लेकर जाने का काम किया। टॉम बैंटन के बल्ले से इस मैच में 41 गेंदों में 63 रनों की पारी देखने को मिली। इसके अलावा जैकब बेथल ने 32 जबकि सैम करन के बल्ले से 28 रनों की अहम पारी देखने को मिली। वहीं इंग्लैंड की टीम ने इस टारगेट को 5 विकेट के नुकसान पर 18.2 ओवर्स में हासिल कर लिया। इसी के साथ इंग्लैंड ने टूर्नामेंट में अपने तीसरे मुकाबले में ये दूसरी जीत हासिल करने के साथ सुपर-8 में पहुंचने की रेस में खुद को शामिल रखा हुआ है। ग्रुप-सी की प्वाइंट्स टेबल में अब इंग्लैंड 4 अंकों के साथ सीधे दूसरे नंबर पर पहुंच गई है, जिसमें उन्हें अब अगला मुकाबला इटली की टीम के खिलाफ 16 फरवरी को खेलना है।

इंग्लैंड बनाम स्कॉटलैंड मैच में दोनों टीमों की प्लेइंग 11

इंग्लैंड - फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम करन, विल जैक्स, लियम डॉसन, जेमी ओवरटन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद।

स्कॉटलैंड - जॉर्ज मुनसे, माइकल जोन्स, ब्रैंडन मैकमुलेन, रिची बेरिंगटन (कप्तान), टॉम ब्रूस, माइकल लीस्क, मैथ्यू क्रॉस (विकेटकीपर), मार्क वॉट, ओलिवर डेविडसन, ब्रैड करी, ब्रैड व्हील।

Latest Cricket News