A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. लॉर्ड्स टेस्ट में जीत के बाद भी इंग्लैंड का हुआ भारी नुकसान, WTC पॉइंट्स टेबल में एक पायदान लुढ़की

लॉर्ड्स टेस्ट में जीत के बाद भी इंग्लैंड का हुआ भारी नुकसान, WTC पॉइंट्स टेबल में एक पायदान लुढ़की

भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच के बाद ICC की ओर से बड़ी खबर सामने आई है। ICC ने इंग्लैंड टीम को तगड़ा झटका दिया है।

ENGLAND- India TV Hindi
Image Source : GETTY लॉर्ड्स टेस्ट में जीत के बाद भी इंग्लैंड का हुआ भारी नुकसान, WTC पॉइंट्स टेबल में कट गए अंक

इंग्लैंड ने लॉर्ड्स टेस्ट में भारत को 22 रनों से हराकर 5 मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। इंग्लैंड ने 14 जुलाई को तीसरे टेस्ट के 5वें दिन को भारत को हार का स्वाद चखाया। इस जीत को अभी 2 दिन भी नहीं बीते थे कि ICC ने इंग्लैंड को बड़ा झटका दे दिया है। दरअसल, इंग्लैंड पर स्लो ओवर रेट का तगड़ा फाइन लगा है। लॉर्ड्स में भारत के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में स्लो ओवर रेट के लिए इंग्लैंड पर ICC ने मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। साथ ही ICC वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप यानी WTC पॉइंट्स टेबल में दो अंक काट लिए गए हैं। इस तरह इंग्लैंड की टीम वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप यानी WTC पॉइंट्स टेबल में एक पायदान नीचे तीसरे स्थान पर खिसक गई है। भारत अभी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है।

श्रीलंका को हुआ फायदा

इस कटौती के बाद, वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के पॉइंट्स टेबल में इंग्लैंड के पॉइंट्स 24 से घटकर 22 हो गए हैं। इसके परिणामस्वरूप उनका अंक प्रतिशत यानी PCT 66.67% से घटकर 61.11% हो गया है।श्रीलंका को इसका फायदा मिला जिसका PCT यानी अंक प्रतिशत 66.67 है और वह इंग्लैंड को पीछे छोड़कर दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। ऑस्ट्रेलिया अब तक अपने तीनों मैच जीतकर 100 PCT के साथ टॉप पर है, जबकि भारत का PCT 33.33 प्रतिशत है। 

हर 1 ओवर के लिए लगता है 5 प्रतिशत का फाइन

एमिरेट्स ICC एलीट पैनल ऑफ मैच रेफरी के रिची रिचर्डसन ने यह जुर्माना तब लगाया जब इंग्लैंड को निर्धारित समय सीमा को ध्यान में रखते हुए निर्धारित समय से दो ओवर कम फेंकने का दोषी पाया गया। खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहयोगी स्टाफ के लिए ICC कोड ऑफ कंडक्ट के अनुच्छेद 2.22 के अनुसार, जो स्लो ओवर रेट से संबंधित है, खिलाड़ियों पर निर्धारित समय में अपनी टीम द्वारा कम फेंके गए हर एक ओवर के लिए उनकी मैच फीस का 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है।

ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में अनुच्छेद 16.11.2 के मुताबिक, हर एक ओवर कम होने पर टीम का एक पॉइंट काट लिया जाता है। परिणामस्वरूप, इंग्लैंड के कुल पॉइंट में से 2 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप अंक काट लिए गए हैं। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने इस अपराध स्वीकार करते हुए सजा को भी स्वीकार कर लिया, इसलिए औपचारिक सुनवाई की कोई आवश्यकता नहीं पड़ी।

पहले भी हो चुका है इंग्लैंड का भारी नुकसान

गौरतलब है कि इंग्लैंड ने पिछले WTC चक्र यानी WTC 2023-25 में कुल 26 पॉइंट स्लो ओवर रेट के चलते गंवाए थे। अब इस नए चक्र में भी इंग्लैंड अपनी पुरानी गलतियों को दोहरा रही है, जिसका खामियाजा उसे आगे उठाना पड़ सकता है। 

Latest Cricket News