इंग्लैंड की टीम इन दिनों तीन मैचों टी-20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड दौरे पर है। दोनों टीमों के बीच टी-20 सीरीज का दूसरा मैच 20 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च के मैदान पर खेला गया, जहां इंग्लैंड की टीम ने बड़ी जीत दर्ज की। दूसरे टी-20 इंटरनेशनल मैच में न्यूजीलैंड को 65 रनों से हराकर इंग्लैंड ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। आपको बता दें कि इस मैच में न्यूजीलैंड की 171 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस मुकाबले में न्यूजीलैंड के सभी बल्लेबाज कैच आउट हुए और टी-20 इंटरनेशनल में ऐसा 13वीं बार हुआ है जब एक पारी में सभी बैट्समैन कैच आउट हुए हों।
फिल साल्ट और हैरी ब्रूक ने इंग्लैंड के लिए खेली तूफानी पारी
इस मैच में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 236 रन बनाए। इंग्लैंड के ओपनर फिल सॉल्ट और हैरी ब्रूक ने इस मुकाबले में तूफानी बल्लेबाजी की और उन्होंने कीवी गेंदबाजों के धागे खोल दिए। हालांकि, दोनों ही बल्लेबाज अपने शतक से चूक गए लेकिन उन्होंने अपनी पारी से टीम को बड़े स्कोर तक जरूर पहुंचा दिया। साल्ट ने 56 गेंदों में 85 रन बनाए जिसमें 11 चौके और 1 छक्का शामिल रहे। वहीं, कप्तान हैरी ब्रूक ने सिर्फ 35 गेंदों में 6 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 78 रनों की पारी खेली। इन दोनों के अलावा टॉम बैंटन ने भी आखिरी ओवरों में 12 गेंदों में 29 रनों की तूफानी पारी खेली। न्यूजीलैंड की तरफ से काइल जैमीसन ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए।
न्यूजीलैंड के बल्लेबाज रहे फ्लॉप
237 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी कीवी टीम को इस मैच में अच्छी शुरुआत नहीं मिली। पूरी टीम 18 ओवर खेलने के बाद 171 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। कीवी टीम के विकेट गिरने का सिलसिला दूसरे ओवर में ही शुरु हो गया था और यह 18वें ओवर तक चलता रहा। ओपनर टिम सिफर्ट ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 39 रन बनाए जबकि मार्क चैपमैन ने 28 और मिचेल सैंटनर ने भी 36 रनों की पारी खेली लेकिन उन सभी की ये पारी टीम को जीत दिलाने में नाकाम रही। इंग्लैंड के लिए आदिल रशीद ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। उनके अलावा ल्यूक वुड, ब्रायडन कार्स और लियम डॉसन ने 2-2 विकेट लिए है। हैरी ब्रूक को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। टी-20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला ऑकलैंड में खेला जाएगा।
यह भी पढ़ें
टीम इंडिया के लिए खेलने वाले पहले कश्मीरी खिलाड़ी ने लिया संन्यास, रैना की कप्तानी में हुआ था डेब्यू
ODI सीरीज के बीच स्क्वॉड में बड़ा बदलाव, धाकड़ स्पिनर की टीम में एंट्री
Latest Cricket News