भारत की मेजबानी में सितंबर महीने के आखिर में आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप का आगाज होगा। इससे पहले इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम को घर पर भारत के खिलाफ मिली वनडे सीरीज में 2-1 से हार के बाद से उनकी तैयारियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वहीं अब इंग्लैंड महिला टीम की हेड कोच ने अपनी टीम के खराब प्रदर्शन को लेकर बचाव करने के साथ बड़ा बयान भी दिया जिसमें उन्होंने वर्ल्ड कप में किसी भी टीम को हराने का दम भरा है।
अगर हम अपनी पूरी ताकत पर खेलेंगे तो किसी को भी हरा सकते हैं
इंग्लैंड महिला टीम की हेड कोच चार्लोट एडवर्ड्स ने बीबीसी स्टंपड पॉडकास्ट पर भारत के खिलाफ सीरीज में खराब प्रदर्शन को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि हमें उस सीरीज में काफी कड़ी चुनौती मिली थी और हम भी महिला क्रिकेट में इसी तरह का खेल चाहते हैं। ये हमारे लिए कोई रिएलिटी चेक नहीं नहीं था। हमें पता है कि हम भारत को मात दे सकते हैं। हमें अब वर्ल्ड कप में खेलना है और वहां अगर हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं तो किसी भी टीम को मात दे सकते हैं।
भारत के खिलाफ 19 अक्टूबर को होगा इंग्लैंड का मुकाबला
चार्लोट एडवर्ड्स ने हेड कोच के तौर पर अपने कार्यकाल की शुरुआत काफी शानदार की थी, जिसमें इंग्लैंड महिला टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ घर पर लिमिटेड ओवर्स सीरीज के सभी 6 मैचों को अपने नाम किया था। वहीं इसके बाद टीम को भारत के खिलाफ सीरीज में हार का सामना करना पड़ा, जिसमें खराब फील्डिंग को लेकर भी सवाल खड़े हुए। एडवर्ड्स ने इसको लेकर कहा कि ये एक ऐसी चीज है जिसपर हम काम कर रहे हैं और जल्द ही सभी हमारी अच्छी फील्डिंग को लेकर भी बात करेंगे। बता दें कि महिला वनडे वर्ल्ड कप में भारत और इंग्लैंड के बीच मुकाबला 19 अक्टूबर को इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
ये भी पढ़ें
चैंपियंस ट्रॉफी का अनसीन वीडियो अब आया सामने, रिटायरमेंट पर रोहित शर्मा ने बोली थी ये बात
एएफसी चैंपियंस लीग टू के ड्रॉ का हुआ ऐलान, भारत में खेलने आ सकते हैं क्रिस्टियानो रोनाल्डो
Latest Cricket News