IND vs USA: टीम इंडिया ने पहली बार लिया ये बड़ा फैसला, टी20 इंटरनेशनल में देखने को मिला ये अद्भुत नजारा
T20 World Cup 2026: भारतीय क्रिकेट टीम आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना पहला मुकाबला यूएसए की टीम के खिलाफ खेल रही है, जिसमें टीम इंडिया की तरफ से एक ऐसा फैसला लिया गया है, जो पहले कभी नहीं देखने को मिला था।

भारतीय टीम सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना पहला मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में यूएसए की टीम के खिलाफ खेल रही है। इस मैच में भारतीय टीम टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी कर रही है, जिसमें टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में कुछ ऐसा देखने को मिला, जो इससे पहले कभी देखने को नहीं मिला था। टीम इंडिया की तरफ से जहां ओपनिंग में 2 बाएं हाथ के खिलाड़ी बल्लेबाजी करने उतरे तो नंबर-3 की पोजीशन पर भी एक बाएं हाथ का खिलाड़ी मौजूद था। इसके अलावा अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की जोड़ी भी एक खास लिस्ट का हिस्सा बन गई।
पहली बार टी20 में टॉप-3 बल्लेबाज बाएं हाथ के
यूएसए के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में टीम इंडिया की तरफ से टॉप-3 बल्लेबाज बाएं हाथ के थे, जिसमें अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जहां ओपनिंग करने उतरे तो वहीं नंबर-3 की पोजीशन पर तिलक वर्मा बल्लेबाजी करने आए। टी20 इंटरनेशनल में भारतीय टीम की तरफ से ऐसा पहली बार देखने को मिला है। वहीं इससे पहले सिर्फ वनडे में टीम इंडिया की तरफ से ऐसा देखने को मिला था, जब साल 1999 में टॉप-3 बल्लेबाज 2 वनडे मैच में बाएं हाथ के थे।
इसके अलावा अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की ओपनिंग जोड़ी टी20 इंटरनेशनल में भारत की तरफ से चौथी ऐसी है जब दोनों ही खिलाड़ी बाएं हाथ के हैं। इससे पहले शिखर धवन-पार्थिव पटेल, गौतम गंभीर और इरफान पठान ने 2 बार, जबकि ईशान किशन और ऋषभ पंत ने 2 बार टीम इंडिया की तरफ से टी20 इंटरनेशनल में ओपनिंग की है। अब इस लिस्ट में अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की जोड़ी भी शामिल हो गई है। वहीं टी20 वर्ल्ड कप में भारत की तरफ से अभिषेक-ईशान सिर्फ दूसरी ऐसी ओपनिंग जोड़ी है जिसमें दोनों ही खिलाड़ी बाएं हाथ के हैं।
टीम इंडिया की तरफ से दिखा काफी खराब बल्लेबाजी प्रदर्शन
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मुकाबले में सभी फैंस को भारतीय टीम से बल्लेबाजी में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा बिल्कुल भी देखने को नहीं मिला। पावरप्ले में जहां भारतीय टीम ने अपने 4 विकेट गंवा दिए थे तो वहीं सिर्फ 46 रन ही बनाने में कामयाब हो सके। वहीं इसके अलावा 10 ओवर्स में टीम इंडिया का स्कोर सिर्फ 63 रन था। यह साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप के बाद घर पर खेले टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में टीम इंडिया का 18 मैचों में अब तक का सबसे कम स्कोर है।
ये भी पढ़ें