1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पहली पारी में फ्लॉप, दूसरी में धमाकेदार बल्लेबाजी, भारत ने बनाई 284 रनों की लीड

पहली पारी में फ्लॉप, दूसरी में धमाकेदार बल्लेबाजी, भारत ने बनाई 284 रनों की लीड

न्यूजीलैंड दौरे पर पहुंची भारत की ए टीम ने पहले अनाधिकारिक टेस्ट में अच्छी लीड बना ली है। अब तक तीन दिन का खेल हो चुका है और भारत की जीत की संभावनाएं प्रबल होती दिख रही हैं।

Sai Sudarshan- India TV Hindi
Image Source : AFP साई सुदर्शन

भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच खेला जा रहा अनाधिकारिक टेस्ट मैच अब काफी रोचक दौर में पहुंच चुका है। भारतीय टीम ने पहली पारी में भले ही ज्यादा रन ना बना पाए हों, लेकिन दूसरी पारी में धमाकेदार बल्लेबाजी देखने के लिए मिली और टीम ने अब न्यूजीलैंड ए पर अच्छी लीड बना ली है। दूसरी पारी अभी समाप्त नहीं हुई है, अब उम्मीद की जा रही है कि भारतीय टीम इस मैच को जीत सकती है। 

भारत ने न्यूजीलैंड पर बना ली है 284 रनों की लीड

इस मैच में जब भारतीय ए टीम पहली पारी में बैटिंग के लिए आई तो केवल 113 रन ही बना सकी। हाल ये था कि यश राठौर ने टीम के लिए 44 रन बनाए, जो सबसे ज्यादा साबित हुए। देवदत्त पडिक्कल ने 32 रन की पारी खेली। इसके बाद न्यूजीलैंड ए ने अपनी पहली पारी में 317 रन बना दिए थे। इसके बाद सारा दारोमदार भारत की दूसरी पारी पर था, जिसमें टीम ने बाउंस बैक किया। जब तीसरे दिन का खेल खत्म हुआ, तब तक भारत ने अपनी दूसरी पारी में आठ विकेट पर 488 रन बना लिए हैं, साथ ही उसकी लीड 284 रनों की हो गई है। 

दूसरी पारी में अभी तक भारत के गिरे हैं 8 विकेट

जब तीसरे दिन का खेल खत्म हुआ, तब वॉशिंगटन सुंदर 51 और आकाशदीप बिना खाता खोले हुए क्रीज पर मौजूद थे। अभी मुकेश चौधरी और बैटिंग के लिए आना है। अब चौथे दिन भारत की कोशिश होगी कि अपना स्कोर 500 के पार निकाला जाए, तब तक अगर टीम आउट नहीं होती है तो फिर उसे घोषित कर न्यूजीलैंड को बल्लेबाजी के लिए बुलाया जाए। हालांकि मैच के चौथे दिन बारिश की भी आशंका जताई जा रही है, ऐसे में अगर इस मैच को जीतना है तो जल्दी जल्दी न्यूजीलैंड के विकेट चटकाने होंगे। 

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेली जाएगी भारत बनाम न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज

वैसे तो ये अनाधिकारिक सीरीज है और इसके बहुत ज्यादा मायने नहीं हैं, लेकिन इस बात का ध्यान रखना होगा कि अगले महीने भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जानी है, इसके लिए भारतीय टीम अपनी तैयारी कर रही है। आगामी सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत होगी, ऐसे में भारत को जीतना जरूरी होगा। इस मैच के बाद दो और अनाधिकारिक टेस्ट होंगे, इसके बाद असली सीरीज का आगाज होगा। 

यह भी पढ़ें 

कप्तान के दोस्त का होगा पत्ता साफ? देवदत्त पडिक्कल ने 199 रन बनाकर ठोक दिया दावा

कब खेला जाएगा भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला, अब वेन्यू भी बदल जाएगा

Latest Cricket News