1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Rumeli Dhar Retirement: मिताली राज के बाद भारतीय महिला टीम की एक और पूर्व कप्तान ने लिया संन्यास, लिखी भावुक पोस्ट

Rumeli Dhar Retirement: मिताली राज के बाद भारतीय महिला टीम की एक और पूर्व कप्तान ने लिया संन्यास, लिखी भावुक पोस्ट

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान रूमेली धर ने तीनों प्रारूपों से लिया संन्यास।

Rumeli Dhar, BCCI Women, Indian women cricket team- India TV Hindi
Image Source : GETTY Rumeli Dhar announces retirement

Highlights

  • रूमेली धर ने चार महिला टेस्ट में 236 रन बनाए और आठ विकेट झटके
  • 78 एकदिवसीय मुकाबलों में 961 रन बनाए और 63 विकेट लिए
  • 2005 में वनडे विश्व कप के फाइनल में पहुंचने वाली टीम का हिस्सा रहीं

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान रूमेली धर ने बुधवार को अपने क्रिकेट करियर को विराम देने का फैसला किया। उन्होंने खेल के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा करते हुए क्रिकेट को अलविदा कह दिया। दाएं हाथ की बल्लेबाज और तेज गेंदबाज रूमेली ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपने फैसले की घोषणा की। 

रूमेली ने अपनी पोस्ट में कहा कि पश्चिम बंगाल के श्यामनगर से शुरू हुआ क्रिकेट का मेरा 23 साल का सफर अंतत: खत्म हो रहा है, मैं क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा करती हूं। रूमेली ने कहा कि यात्रा काफी लंबी रही जिसमें उतार-चढ़ाव देखने को मिले। शीर्ष लम्हा भारतीय महिला क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व और अगुआई करना रहा जो 2005 में विश्व कप फाइनल में पहुंची। 

रूमेली के अनुसार उनका करियर चोटों की वजह से प्रभावित हुआ, लेकिन उन्होंने हमेशा मजबूत वापसी की। इस आलराउंडर ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड, अपने परिवार, मित्रों और उन सभी टीमों को धन्यवाद दिया जिनका उन्होंने प्रतिनिधित्व किया। रूमेली ने वादा किया कि वह खेल से जुड़ी रहेंगी और देश में युवा प्रतिभाओं को निखारने में मदद करेंगी।

रूमेली ने चार महिला टेस्ट में एक अर्धशतक की मदद से 236 रन बनाए। नई दिल्ली में 2005 में इंग्लैंड के खिलाफ पदार्पण करने वाली 38 साल की रूमेली ने आठ टेस्ट विकेट भी झटके। उन्होंने अपना अंतिम टेस्ट 2006 में इंग्लैंड के खिलाफ ही खेला था। 

रूमेली ने इसके अलावा एकदिवसीय मैचों में भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 2003 में इंग्लैंड के खिलाफ लिंकन में पदार्पण करने के बाद छह अर्धशतक जड़े और इसके बाद 78 महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 961 रन बनाने के अलावा 63 विकेट झटके। उन्होंने अपना अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2012 में खेला था। रूमेली 18 टी20 मुकाबले भी खेलीं जिसमें उन्होंने 131 रन बनाने के अलावा 13 विकेट भी चटकाए। उन्होंने 2006 में इंग्लैंड के खिलाफ पदार्पण किया। रूमेली ने 2018 में 34 साल की उम्र में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की टी20 टीम में वापसी की और उसी साल ब्रेबोर्न स्टेडियम में आस्ट्रेलिया की महिला टीम के खिलाफ अपना अंतिम टी20 मैच खेला। 

बंगाल सहित अन्य घरेलू टीम की ओर से खेलने वाली रूमेली रेलवे, एयर इंडिया, दिल्ली और राजस्थान की ओर से भी खेलीं। रूमेली 2005 में दक्षिण अफ्रीका में महिला एकदिवसीय विश्व कप के फाइनल में पहुंचने वाली भारतीय टीम की भी सदस्य थीं।

Latest Cricket News