दांबुला में इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले का अंत सुपर ओवर में हुआ। इसके बाद जो मैदान पर हुआ, वो लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल, सुपर ओवर की समाप्ति के बाद वैभव सूर्यवंशी की श्रीलंका के एक खिलाड़ी से धक्का-मुक्की हो गई। ये घटना अब काफी सुर्खियां बटोर रही है। इस बीच एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वैभव सूर्यवंशी श्रीलंका के पूर्व कप्तान से मुलाकात करने नजर आ रहे हैं। इस मुलाकात के दौरान श्रीलंका के पूर्व कप्तान ने स्टार युवा बल्लेबाज को खास संदेश दिया।
श्रीलंका में बड़ी पारी को बेताब वैभव
IPL 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद इंडिया ए टीम में जगह बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी इन दिनों श्रीलंका दौरे पर हैं। हालांकि, अब तक उनका बल्ला उम्मीद के मुताबिक नहीं चला है। तीन मैचों में उन्होंने 14, 44 और 21 रन की पारियां खेली हैं, जबकि भारत ए की टीम भी ट्राई सीरीज से बाहर होने के कगार पर पहुंच गई है।
श्रीलंका ए के खिलाफ खेले गए पिछले मुकाबले में वैभव उस समय सुर्खियों में आ गए, जब सुपर ओवर में हार के बाद मैदान पर उनका विरोधी खिलाड़ी से विवाद हो गया। बताया गया कि स्लेजिंग के बाद युवा बल्लेबाज अपना आपा खो बैठे और उन्होंने श्रीलंकाई खिलाड़ी को धक्का दे दिया। इस घटना के बाद एक ऐसी घटना हुई, जिसने सबका ध्यान खींच लिया। श्रीलंका के पहले ODI कप्तान रहे अनुरा टेन्नेकून मैच खत्म होने के बाद करीब 1 घंटे तक भारतीय ड्रेसिंग रूम के बाहर इंतजार करते रहे, ताकि वह वैभव से मिल सकें।
खेल पर फोकस करने की मिली सलाह
जब वैभव उनसे मिलने पहुंचे तो उन्होंने सम्मान के तौर पर उनके पैर छुए। इसके बाद टेन्नेकून ने युवा बल्लेबाज को गले लगाया और कुछ अहम बातें साझा कीं। पूर्व कप्तान ने वैभव से कहा कि अपने खेल पर ध्यान दो और बाहरी शोर को खुद से दूर रखो। यह सलाह ऐसे समय में आई है, जब युवा बल्लेबाज पर प्रदर्शन और व्यवहार दोनों को लेकर दबाव बना हुआ है। टेन्नेकून ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने IPL के दौरान वैभव की बल्लेबाजी को करीब से देखा था और उनकी आक्रामक शैली से काफी प्रभावित हुए थे।
यह भी पढ़ें:
इंग्लैंड ने दूसरे टेस्ट के लिए किया प्लेइंग XI का ऐलान, दो प्लेयर्स को मिला डेब्यू का मौका
ICC Rankings: ऑस्ट्रेलिया ने फिर मारी छलांग, साउथ अफ्रीका को नुकसान, पाकिस्तान की हालत खराब
Latest Cricket News