इंडियन प्रीमियर लीग के 18वें सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 29 मई को खेले गए पहले क्वालीफायर मुकाबले में पंजाब किंग्स की टीम को 8 विकेट से मात देने के साथ फाइनल मुकाबले के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया है। आरसीबी की टीम का इस सीजन मैदान पर काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला जिसमें उन्होंने लीग स्टेज के दौरान घर से बाहर खेले सभी 7 मुकाबलों में जीत हासिल की। वहीं इस बार आरसीबी की स्क्वाड में ऐसे भी चार प्लेयर्स शामिल हैं जिन्होंने पिछले सीजन के फाइनल में भी हिस्सा लिया था।
ये चार प्लेयर्स पिछले सीजन के फाइनल का भी थे हिस्सा
आईपीएल 2025 सीजन के लिए हुए मेगा ऑक्शन के बाद जब आरसीबी की स्क्वाड को देखा गया तो उसमें उनके गेंदबाजी को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा देखने को मिली थी, हालांकि टीम ने जिस तरह से मैदान पर प्रदर्शन दिखाया उसने सभी को प्रभावित जरूर किया। आरसीबी की टीम से खेल रहे इस बार भुवनेश्वर कुमार, फिल साल्ट, मयंक अग्रवाल और सुयश शर्मा चार ऐसे प्लेयर्स हैं जो पिछले सीजन के फाइनल में भी थे। आईपीएल 2024 सीजन का खिताबी मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम के बीच में खेला गया था, जिसमें फिल साल्ट और सुयश शर्मा जहां केकेआर की स्क्वाड का हिस्सा थे तो वहीं भुवनेश्वर कुमार और मयंक अग्रवाल सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में शामिल थे।
भुवनेश्वर से लेकर सुयश शर्मा चारों ने किया अपने प्रदर्शन से प्रभावित
आरसीबी के लिए इन चारों प्लेयर्स को इस सीजन के लिए अपनी स्क्वाड का हिस्सा बनाने का फैसला पूरी तरह से सही साबित हुआ है। भुवनेश्वर कुमार ने जहां गेंदबाजी में 15 मैचों में खेलते हुए 13 विकेट अपने नाम किए हैं तो वहीं सुयश शर्मा का क्वालीफायर-1 मुकाबले में गेंद से कमाल का प्रदर्शन देखने को मिला। इसके अलावा फिल साल्ट ने बतौर ओपनर टीम लगभग हर मैच में तेज शुरुआत देने का काम किया। सीजन के बीच में देवदत्त पडिक्कल के रिप्लेसमेंट के रूप में शामिल किए गए मयंक अग्रवाल ने भी बल्ले से लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ लीग स्टेज के आखिरी मुकाबले में बल्ले से अहम पारी खेलते हुए टीम को टॉप-2 की पोजीशन पर खत्म करने में अहम भूमिका अदा की थी।
ये भी पढ़ें
IPL 2025 में बड़ा ट्विस्ट: पंजाब तो बच गई, अब कौन सी टीम फाइनल से पहले होगी बाहर
तो क्या अब RCB बनेगी आईपीएल चैंपियन, इतिहास के आंकड़े भी दे रहे हैं यही गवाही
Latest Cricket News