1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ग्लेन मैक्सवेल ने बाउंड्री पर पकड़ा हैरान कर देने वाला कैच, VIDEO देख फटी की फटी रह जाएंगी आपकी आंखें

ग्लेन मैक्सवेल ने बाउंड्री पर पकड़ा हैरान कर देने वाला कैच, VIDEO देख फटी की फटी रह जाएंगी आपकी आंखें

ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टी-20 मैच में एक अद्भुत कैच पकड़ा है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

Glenn Maxwell Catch- India TV Hindi
Image Source : GETTY ग्लेन मैक्सवेल ने बाउंड्री पर पकड़ा अद्भुत कैच

Glenn Maxwell Stunning Catch: मरारा के डार्विन में खेले गए पहले टी-20 मैच में ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका को 17 रनों से हराया। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने बाउंड्री लाइन पर एक ऐसा कैच पकड़ा जिसे देखने के बाद हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है। उन्होंने अफ्रीकी बल्लेबाज रेयान रिकेल्टन को आउट करने के लिए ये कैच पकड़ा था। मैक्सवेल इस मैच में बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं कर पाए लेकिन बॉलिंग और फील्डिंग से उन्हें जरूर सबका ध्यान अपनी तरफ खींचा।

आखिरी ओवर में मैक्सवेल ने पकड़ा ये कैच

ग्लेन मैक्सवेल ने ये कैच साउथ अफ्रीका की पारी के आखिरी ओवर में पकड़ा। उस समय रेयान रिकेल्टन 71 रन बनाकर शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे। ओवर की दूसरी गेंद पर रिकेल्टन ने लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्का लगाने की कोशिश की, लेकिन वहां पर मौजूद मैक्सवेल ने ऐसा होने नहीं दिया।

एक वक्त ऐसा लग रहा था कि गेंद आसानी से बाउंड्री के पार चली जाएगी, लेकिन मैक्सवेल ने हवा में छलांग लगाकर पहले गेंद को पकड़ा और फिर उसे बाउंड्री के अंदर धकेला। इसके बाद उनका पैर बाउंड्री के अंदर पड़ा लेकिन उन्होंने फिर गेंद को वापस अंदर आकर पकड़ा और कैच को पूरा किया। इस कैच का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस जमकर मैक्सवेल की तारीफ कर रहे हैं।

टिम डेविड ने ऑस्ट्रेलिया के लिए खेली तूफानी पारी

मुकाबले की बात करें तो टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 30 के स्कोर पर टीम के टॉप-3 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे, जिसमें मार्श, ट्रैविस हेड और जोश इंग्लिस शामिल थे। इसके बाद कैमरून ग्रीन और टिम डेविड ने पारी को संभाला। 75 के स्कोर पर आधी कंगारू टीम पवेलियन लौट चुकी थी। यहां से टिम डेविड ने 52 गेंदों पर 83 रनों की तूफानी पारी खेलकर टीम को 178 के स्कोर तक पहुंचाया। साउथ अफ्रीका की तरफ से 19 साल के क्वेना मफाका ने 4 विकेट चटकाए।

रेयान रिकेल्टन की अर्धशतकीय पारी गई बेकार

लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 161 रन ही बना सकी। टीम के सलामी बल्लेबाज रेयान रिकेल्टन ने 71 रनों की पारी जरूर खेली, लेकिन उनके अलावा बाकी के अफ्रीकी बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं कर पाए। रिकेल्टन के बाद सबसे ज्यादा रन ट्रिस्टन स्टब्स ने बनाए, उन्होंने 27 गेंदों पर 37 रनों की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से जोश हेजलवुड और बेन ड्वार्शुइस ने 3-3 विकेट लिए। वहीं मैक्सवेल एक विकेट लेने में कामयाब रहे।

यह भी पढ़ें

3 विकेट लेते ही ग्लेन मैक्सवेल T20I में अपने नाम करेंगे ये बड़ा रिकॉर्ड, अभी तक सिर्फ तीन खिलाड़ी कर पाए हैं ऐसा

मार्कस स्टोइनिस ने दोहराया सुरेश रैना वाला कारनामा, The Hundred के मैच में गेंद से किया कमाल

Latest Cricket News