1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. GT vs RR IPL Qualifier 2: गुजरात टाइटंस की टीम शान के साथ पहुंची फाइनल में, राजस्थान को 7 विकेट से हराया

GT vs RR IPL Qualifier 2: गुजरात टाइटंस की टीम शान के साथ पहुंची फाइनल में, राजस्थान को 7 विकेट से हराया

GT vs RR IPL Qualifier 2: IPL 2026 का दूसरा क्वालीफायर मैच गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया। इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने 7 विकेट से जीत दर्ज की।

GT vs RR- India TV Hindi
Image Source : PTI GT vs RR

GT vs RR IPL Qualifier 2 Live Score: IPL 2026 का दूसरा क्वालीफायर मैच गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान की टीम ने 20 ओवर बल्लेबाजी करने के बाद 6 विकेट के नुकसान पर 214 रन बनाए। जवाब में गुजरात टाइटंस की टीम ने 18.4 ओवर में 7 विकेट रहते मैच को अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही गुजरात टाइटंस की टीम फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही। वहीं राजस्थान रॉयल्स का सफर समाप्त हो गया।

राजस्थान रॉयल्स की पारी को बात करें तो 10 रन के अंदर टीम के दो बल्लेबाज आउट होकर पवेलियन लौट गए थे। यशस्वी जायसवाल 1 रन बनाकर आउट हो गए, वहीं ध्रुव जुरेल भी 7 रन बनाकर चलते बने। दो विकेट जल्दी गिरने के बाद राजस्थान की टीम दबाव में दिखी। लेकिन यहां से वैभव सूर्यवंशी और रवीन्द्र जडेजा ने पारी को संभाला। दोनों ने तेज गति से रन बनाए। हालांकि बल्लेबाजी के दौरान चोट लगने की वजह से जडेजा रिटायर्ड हर्ट भी हुए थे और उनके आउट होने के बाद वैभव का साथ देने के लिए रियान पराग आए। जडेजा और सूर्यवंशी के बीच 127 रन की साझेदारी हुई। जडेजा ने इस मैच में 35 बॉल पर नाबाद 45 रन बनाए। उनके अलावा डोनोवन फरेरा ने 11 बॉल पर 38 रन की तूफानी पारी खेली। इस मैच में RR के लिए एक बार फिर वैभव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 96 रन बनाए और शतक लगाने से चूक गए।

215 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस को साई सुदर्शन और शुभमन गिल की जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 167 रन की साझेदारी हुई। सुदर्शन इस मैच में एक बार फिर हिट विकेट आउट हुए। उन्होंने 32 बॉल पर 58 रन बनाए। वहीं शुभमन गिल ने कप्तानी पारी खेलती हुए शतक लगाया। वह 53 बॉल पर 15 चौके और 3 छक्के की मदद से 104 रन बनाकर आउट हुए। वहीं वाशिंगटन सुंदर 9 बॉल पर 16 रन की पारी खेलकर आउट हुए। जोस बटलर और राहुल तेवतिया की जोड़ी ने इस मैच में गुजरात को जीत दिलाई। बटलर 9 और तेवतिया 17 रन बनाकर नाबाद लौटे। 

GT vs RR IPL Qualifier 2: दोनों टीमों की प्लेइंग XI

राजस्थान रॉयल्स (प्लेइंग इलेवन): यशस्वी जयसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, दासुन शनाका, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, ब्रिजेश शर्मा, यश राज पुंजा

गुजरात टाइटंस (प्लेइंग इलेवन): साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राशिद खान, आर साई किशोर, कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज

Latest Cricket News