RCB vs GT Final: IPL 2026 फाइनल में हारने के बाद गुजरात टाइटंस के लिए कल की रात और भी मुश्किल बन गई। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खिताबी मुकाबला गंवाने के कुछ ही समय बाद टीम के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को उस वक्त बड़ा झटका लगा, जब उनकी टीम बस में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि सभी खिलाड़ियों और स्टाफ को तुरंत बस से बाहर निकालना पड़ा।
शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस को पहले ही फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हाथों पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, फाइनल के बाद जब टीम स्टेडियम से होटल लौट रही थी, तभी रास्ते में बस में तकनीकी खराबी आ गई। शॉर्ट सर्किट के कारण बस को रोकना पड़ा और खिलाड़ी करीब एक घंटे तक सड़क पर ही फंसे रहे। हालांकि, राहत की बात यह रही कि किसी खिलाड़ी या स्टाफ सदस्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। टीम मैनेजमेंट ने तुरंत सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और बाद में दूसरी बस कर उन्हें होटल पहुंचाया गया।
टीम के लिए पिछले कुछ दिन रहे बेहद थकाऊ
गुजरात टाइटंस के लिए पिछले कुछ दिन लगातार चुनौतियों से भरे रहे हैं। फाइनल से पहले भी टीम को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। खराब मौसम के कारण अहमदाबाद पहुंचने वाली टीम की चार्टर्ड फ्लाइट करीब तीन घंटे देरी से रवाना हुई थी। इसके चलते टीम 30 मई की देर रात अहमदाबाद पहुंच सकी। यही नहीं, देरी की वजह से शुभमन गिल और रजत पाटीदार के बीच होने वाला कप्तानों का फोटोशूट भी स्थगित करना पड़ा था।
फाइनल से पहले जमकर की यात्रा
गुजरात टाइटंस ने पिछले पांच दिनों में बेहद व्यस्त शेड्यूल का सामना किया। 26 मई को धर्मशाला में खेले गए क्वालिफायर-1 में टीम को RCB से हार मिली थी। इसके बाद टीम चंडीगढ़ पहुंची और फिर 29 मई को मुल्लांपुर में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ क्वालिफायर-2 खेलकर फाइनल का टिकट हासिल किया। लगातार यात्रा, दबाव और बड़े मुकाबलों के बीच गुजरात टाइटंस ने शानदार संघर्ष किया, लेकिन घरेलू मैदान पर खेले गए फाइनल में गुजरात टीम ट्रॉफी जीतने से चूक गई।
यह भी पढ़ें:
रजत पाटीदार बने IPL इतिहास में ये कमाल करने वाली पहले कप्तान, रोहित-धोनी भी नहीं कर पाए ऐसा
IPL 2026 PRIZE MONEY: आईपीएल का खिताब जीतते ही आरसीबी मालामाल, गुजरात टाइटंस को मिले कितने करोड़
Latest Cricket News