1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. गुरनूर ने बताया किस तरह खुद को इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए किया तैयार? कहा - मैं भारत की तरफ से खेलने से बहुत खुश हूं

गुरनूर ने बताया किस तरह खुद को इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए किया तैयार? कहा - मैं भारत की तरफ से खेलने से बहुत खुश हूं

IND vs AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में अपनी गेंदबाजी से सभी को प्रभावित करने वाले गुरनूर बरार ने अपने बयान में बताया कि उन्होंने खुद रणजी मुकाबलों के जरिए खुद को इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए तैयार किया है।

Gurnoor Brar- India TV Hindi
Image Source : AP गुरुनूर बरार

भारतीय क्रिकेट टीम अभी घर पर अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है, जिसके शुरुआती दो मुकाबलों में टीम इंडिया का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है और उन्होंने जीत हासिल करने के साथ सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। इस वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा ध्यान इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज गुरनूर बरार पर था जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर अपनी जगह टीम इंडिया में बनाई है। गुरनूर दोनों ही वनडे मुकाबलों में अपनी गेंदबाजी से सभी को प्रभावित करने में कामयाब रहे हैं जिसमें उन्होंने कुल 6 विकेट हासिल किए हैं। वहीं गुरनूर ने अब खुद को इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए कैसे तैयार किया उसको लेकर भी बयान दिया है।

मेरे लिए भारतीय-ए टीम में जगह बनाना ही बड़ी बात थी

गुरनूर बरार ने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में जब अपना डेब्यू मैच धर्मशाला के स्टेडियम में खेला तो उसमें उन्होंने कुल तीन विकेट हासिल किए तो वहीं ऐसा ही प्रदर्शन वह लखनऊ में खेले गए दूसरे मुकाबले में भी करने में कामयाब रहे थे। अब गुरनूर का न्यूज एजेंसी पीटीआई पर आए बयान में उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने डेब्यू और इस प्रदर्शन को लेकर कहा कि मेरे लिए भारतीय-ए टीम से ही खेलना काफी बड़ी बात थी। अगर हम रणजी ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो हमको दलीप ट्रॉफी, ईरानी कप और भारतीय-ए टीम के लिए चुना जाएगा। जब मुझे इंडिया-ए टीम में जगह मिली थी तो मैं काफी खुश हुआ था। इंटरनेशनल क्रिकेट में मेरे लिए बिल्कुल वैसा था जैसे मैं रणजी में गेंदबाजी करता था। मैंने सिर्फ गति, सही लाइन लेंथ और स्विंग कराने पर ही ध्यान दिया।

आगे आने वाले मैचों में और प्रदर्शन की कोशिश करूंगा

टीम इंडिया ने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के साथ साल 2027 में होने वाले वर्ल्ड कप की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं जिसमें गुरनूर उसी प्लान का हिस्सा माने जा रहे हैं। 6 फुट 5 इंच लंबे गुरनूर ने दोनों वनडे मैच में अपने प्रदर्शन को लेकर आगे कहा कि मैं और बेहतर प्रदर्शन कर सकता था और मैं आगामी मैचों में इसकी पूरी कोशिश करूंगा। वहीं बरार ने आईपीएल में मिले अपने अनुभव को लेकर बताया जिसमें वह गुजरात टाइटंस का हिस्सा थे। गुरनूर ने कहा कि वहां का माहौल काफी अच्छा था जिसमें मुझे कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और ईशांत शर्मा से काफी कुछ सीखने को मिला। अब मेरी कोशिश उसी प्रदर्शन को मैदान पर और बेहतर करने की रहने वाली है। बता दें कि अब तक इस वनडे सीरीज में गुरनूर 6 विकेट हासिल कर चुके हैं वहीं तीसरा मुकाबला 20 जून को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा।

ये भी पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी पर क्या होगा कोई एक्शन! बीसीसीआई ने पूरी तस्वीर से हटा दिया पर्दा

पाकिस्तानी महिला टीम के नाम जुड़ा शर्मनाक रिकॉर्ड, T20 WC के इतिहास में हुए सबसे ज्यादा खिलाड़ी रन आउट

Latest Cricket News