भारतीय क्रिकेट को एक और तेज गेंदबाज के रूप में नया सितारा मिल गया है। अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर रहे पंजाब के युवा पेसर गुरनूर बरार ने ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जो उनसे पहले सिर्फ एक भारतीय गेंदबाज ही बना सका था। 17 जून को अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए दूसरे ODI में गुरनूर ने अपनी 10 ओवर गेंदबाजी की और 60 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने अपने करियर के पहले दो ODI मैचों में लगातार तीन-तीन विकेट लेने का अनोखा कारनामा कर दिखाया।
पहले 2 मैचों में चटकाए कुल 6 विकेट
26 साल के गुरनूर ने अफगानिस्तान की पारी के आठवें ओवर में रहमानुल्लाह गुरबाज को आउट कर पहला विकेट हासिल किया। इसके बाद उन्होंने कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी को बोल्ड किया और फिर 40वें ओवर की आखिरी गेंद पर मोहम्मद सलीम सफी को चलता कर अपना तीसरा शिकार बनाया।
दरअसल, गुरनूर ने 13 जून 2026 को अफगानिस्तान के खिलाफ ही ODI क्रिकेट में डेब्यू किया था। अपने पहले मुकाबले में उन्होंने महज 4.5 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट झटके थे। अब दूसरे मैच में भी तीन विकेट लेने के साथ उन्होंने रिकॉर्ड बुक में अपनी जगह बना ली है।
गुरनूर बरार भारत के सिर्फ दूसरे गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने अपने पहले दो ODI मैचों में कम से कम तीन-तीन विकेट हासिल किए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि लेग स्पिनर पीयूष चावला ने हासिल की थी। चावला ने 2007 में बांग्लादेश के खिलाफ अपने ODI ODI में 3 विकेट लिए थे और दूसरे मैच में आयरलैंड के खिलाफ भी तीन बल्लेबाजों को आउट किया था। हालांकि, ODI डेब्यू पर भारत की ओर से सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकॉर्ड प्रसिद्ध कृष्णा के नाम है, जिन्होंने 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ अपने पहले ODI में 54 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे। लेकिन वह अगले मैच में केवल दो विकेट ही ले पाए थे।
प्रिंस यादव ने खास अंदाज में किया डेब्यू
भारतीय क्रिकेट में अब तक 21 गेंदबाज ODI डेब्यू पर तीन या उससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं, लेकिन पहले दो मुकाबलों में लगातार ऐसा करने वाले खिलाड़ियों की सूची में अब गुरनूर बरार का नाम भी दर्ज हो गया है। वहीं, इस मुकाबले में तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने भी भारत के लिए ODI डेब्यू किया। लखनऊ सुपर जायंट्स के युवा गेंदबाज ने 7.3 ओवर में 56 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए।
टीम इंडिया ने रचा इतिहास, इंग्लैंड के बाद ऐसा करने वाली बनी सिर्फ दूसरी टीम
FIFA World Cup 2026: क्रिस्टियानो रोनाल्डो का फ्लॉप शो, कांगो ने पुर्तगाल की जीत का सपना तोड़ा
Latest Cricket News