IPL 2027 से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली लगभग तय मानी जा रही है। भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या मुंबई का साथ छोड़कर पंजाब किंग्स से जुड़ सकते हैं, जबकि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस की जर्सी में नजर आ सकते हैं। दोनों फ्रेंचाइजी के बीच इस ट्रेड को लेकर बातचीत अंतिम दौर में पहुंच गई है। BCCI की तय प्रक्रिया के तहत दोनों टीमों ने एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट भी एक-दूसरे को सौंप दिए हैं। अब खिलाड़ियों की लिखित सहमति और अनुबंध से जुड़ी औपचारिकताएं बाकी हैं।
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, इस ट्रेड को लेकर कुछ समय के लिए अड़चन आई थी। माना जा रहा था कि हार्दिक पांड्या ने अपना फैसला लेने के लिए थोड़ा वक्त मांगा है। हालांकि, अब स्थिति साफ होती दिख रही है और ऑलराउंडर के पंजाब किंग्स में जाने के लिए तैयार होने की खबर है। सूत्रों के मुताबिक, दोनों खिलाड़ी इस अदला-बदली के लिए अपनी सहमति दे चुके हैं। इसके बाद दोनों फ्रेंचाइजी फीस और अनुबंध की शर्तों को अंतिम रूप देंगी। फिर बीसीसीआई की मंजूरी के साथ ट्रेड की आधिकारिक घोषणा की जा सकेगी। फिलहाल इस डील में किसी तीसरे खिलाड़ी के शामिल होने की जानकारी नहीं है। आधिकारिक ऐलान का जल्द ऐलान हो सकता है।
मुंबई को बुमराह के लिए चाहिए था मजबूत गेंदबाजी साथी
मुंबई इंडियंस के लिए अर्शदीप सिंह को टीम में शामिल करना गेंदबाजी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम हो सकता है। टीम पिछले कुछ समय से जसप्रीत बुमराह के साथ नई गेंद और डेथ ओवर्स में जिम्मेदारी संभालने वाले एक भरोसेमंद तेज गेंदबाज की तलाश में थी। पिछले IPL सीजन में ट्रेंट बोल्ट और दीपक चाहर का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। ऐसे में अर्शदीप टीम की जरूरतों को पूरा कर सकते हैं।
5 साल बाद कप्तानी से दूर हो सकते हैं हार्दिक
हार्दिक पांड्या के लिए पंजाब किंग्स में जाना एक बड़े बदलाव की तरह होगा। पिछले पांच साल से वह अलग-अलग टीमों की कप्तानी करते आए हैं। उन्होंने गुजरात टाइटंस को दो सीजन तक लीड किया और इसके बाद मुंबई इंडियंस की कमान संभाली। लेकिन पंजाब में उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने की संभावना कम है। पंजाब किंग्स अब तक IPL का खिताब नहीं जीत पाई है। 2025 के सीजन में टीम खिताब के बेहद करीब पहुंची थी, लेकिन आखिरी मंजिल हासिल नहीं कर सकी। ऐसे में हार्दिक जैसे अनुभवी खिलाड़ी का जुड़ना उसके खिताबी अभियान को मजबूती दे सकता है।
यह भी पढ़ें:
रोहित शर्मा ने रचा इतिहास, दूसरे वनडे में दो छक्के लगाकर शाहिद अफरीदी के रिकॉर्ड को किया चकनाचूर
मोहम्मद शमी के रिटायरमेंट पर आया BCCI का बड़ा बयान, खास अंदाज में दी विदाई
Latest Cricket News