A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. MI को लगा झटका, टीम के साथ धर्मशाला नहीं पहुंचे कप्तान और स्टार खिलाड़ी, फिटनेस पर सस्पेंस बरकरार

MI को लगा झटका, टीम के साथ धर्मशाला नहीं पहुंचे कप्तान और स्टार खिलाड़ी, फिटनेस पर सस्पेंस बरकरार

IPL 2026 में प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी मुंबई इंडियंस अपना अगला मुकाबला धर्मशाला में पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलेगी। इस मैच से पहले कप्तान हार्दिक पांड्या को लेकर बड़ी खबर सामने आई है।

Mumbai Indians- India TV Hindi
Image Source : AFP मुंबई इंडियंस

Mumbai Indians: IPL 2026 में लगातार संघर्ष कर रही मुंबई इंडियंस की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी टीम को अब कप्तान हार्दिक पांड्या की फिटनेस ने चिंता में डाल दिया है। पंजाब किंग्स के खिलाफ धर्मशाला में होने वाले मुकाबले से पहले हार्दिक टीम के साथ यात्रा करते नजर नहीं आए, जिससे उनके अगले मैच में खेलने को लेकर सस्पेंस गहरा गया है।

धर्मशाला पहुंची MI

मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ 11 मई की दोपहर धर्मशाला पहुंच गए, लेकिन टीम के कप्तान हार्दिक पंड्या इस ग्रुप का हिस्सा नहीं थे। पिछले दो मैचों से पीठ में ऐंठन की समस्या से जूझ रहे हार्दिक की गैरमौजूदगी ने फैंस की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, टीम से जुड़े सूत्रों का कहना है कि अभी हार्दिक के मैच खेलने की उम्मीद पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, बताया जा रहा है कि उनकी चोट का मुंबई में मेडिकल स्टाफ द्वारा लगातार आकलन किया जा रहा है और जरूरत पड़ने पर वह बाद में धर्मशाला के लिए रवाना हो सकते हैं।

दिलचस्प बात यह है कि पिछले मुकाबले से पहले भी हार्दिक टीम से देर से जुड़े थे, लेकिन अंत में वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बने थे। सोशल मीडिया पर उनकी फिटनेस को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं, हालांकि टीम सूत्रों ने साफ किया है कि मामला सिर्फ चोट से जुड़ा है।

हार्दिक की फिटनेस पर सस्पेंस

हार्दिक का यह सीजन भी अब तक खास नहीं रहा है। उन्होंने आठ मैचों में सिर्फ 146 रन बनाए हैं, जबकि गेंदबाजी में महज चार विकेट ही हासिल कर सके हैं। ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी टीम के लिए और बड़ा झटका साबित हो सकती है। वहीं, सूर्यकुमार यादव भी टीम के साथ धर्मशाला नहीं पहुंचे हैं। हालांकि उनकी अनुपस्थिति निजी कारणों से है। हाल ही में सूर्यकुमार पिता बने हैं और परिवार के साथ समय बिताने के कारण वह बाद में टीम से जुड़ेंगे। भारत के T20 कप्तान सूर्यकुमार ने हार्दिक की गैरमौजूदगी में टीम की कमान संभाली थी। इससे पहले 10 मई को रायपुर में खेले गए मुकाबले के दिन भी सूर्यकुमार सीधे मैच के दिन टीम से जुड़े थे और माना जा रहा है कि इस बार भी वह उसी तरह बाद में धर्मशाला पहुंच सकते हैं।

मुंबई इंडियंस का IPL 2026 अभियान अब लगभग खत्म हो चुका है। टीम 11 मैचों में सिर्फ तीन जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर है और प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। अब मुंबई को पंजाब किंग्स के अलावा कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने बाकी मुकाबले खेलने हैं।

यह भी पढ़ें:

क्या यूरोप में खेलेंगे एमएस धोनी? बॉलीवुड एक्टर के बयान से क्रिकेट जगत में मची हलचल

पाकिस्तानी खिलाड़ी ने तोड़ दिया अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड, उम्र के इस पड़ाव पर रचा इतिहास

Latest Cricket News