A
Hindi News खेल क्रिकेट अर्शदीप सिंह के बाद अब हार्दिक पांड्या रचेंगे इतिहास, देखता रह जाएगा ये भारतीय खिलाड़ी

अर्शदीप सिंह के बाद अब हार्दिक पांड्या रचेंगे इतिहास, देखता रह जाएगा ये भारतीय खिलाड़ी

हाल ही में अर्शदीप सिंह ने टी20 इंटरनेशनल में अपने 100 विकेट पूरे किए हैं, अब जल्द ही हार्दिक पांड्या भी इस खास मुकाम को छू सकते हैं।

hardik pandya- India TV Hindi Image Source : AP हार्दिक पांड्या

एशिया कप में इस वक्त भारतीय खिलाड़ी अपना जलवा दिखा रहे हैं। खास तौर पर इसका जब आगाज हुआ तो अर्शदीप सिंह सबसे ज्यादा चर्चा में थे, वो इसलिए क्योंकि वे इस टूर्नामेंट से पहले टी20 इंटरनेशनल में 99 विकेट अपने नाम कर चुके थे, उम्मीद थी कि पहले ही मैच में वे 100 विकेट लेने वाले पहले भारतीय बन जाएंगे, लेकिन पहले दो मैचों में उन्हें मौका ही नहीं मिला। लेकिन जैसे ही ओमान के खिलाफ वे खेले, आखिरकार उन्होंने 100 विकेट का आंकड़ा छू ही लिया। अब दूसरा भी गेंदबाज ऐसा ही करने के करीब है। वो हैं हार्दिक पांड्या, जिन्हें वहां तक पहुंचने के लिए कुछ ही विकेट की दरकार है। 

टी20 इंटरनेशनल में 100 विकेट लेने वाले अकेले भारतीय गेंदबाज

अर्शदीप सिंह भारत के पहले और अकेले ऐसे गेंदबाज हैं, जिन्होंने 100 विकेट पूरे किए हैं। अर्शदीप सिंह अब तक 64 मैच खेलकर 100 विकेट ले चुके हैं। इस दौरान उनका औसत 18.49 का है और वे 8.31 की इकॉनमी से गेंदबाजी कर रहे हैं। इस बीच बात अगर हार्दिक पांड्या की करें तो उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में अब तक 117 मुकाबले खेलकर 96 विकेट हासिल कर लिए हैं। यानी वे अब 100 तक पहुंचने के लिए केवल चार ही विकेट दूर हैं। 

​हार्दिक पांड्या तीन मैचों में ले चुके हैं दो विकेट

भारतीय टीम ने एशिया कप में अब तक तीन मैच खेले हैं और हर बार हार्दिक से गेंदबाजी कराई गई है। उन्होंने इन तीन मैचों में दो विकेट भी लिए हैं। यूएई के खिलाफ मैच में हार्दिक को कोई विकेट नहीं मिला, लेकिन इसके बाद जब पाकिस्तान के खिलाफ हाईवोल्टेज मैच खेला गया तो हार्दिक ने 34 रन देकर एक विकेट लिया। ओमान के खिलाफ भी हार्दिक ने 26 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया है। भारतीय टीम अभी सुपर 4 में तीन और मैच खेलेगी और उसके बाद फाइनल में जाने की भी संभावना है। इस तरह से चार मैच एशिया कप में टीम इंडिया अभी खेलेगी। ऐसे में पूरी संभावना है कि हार्दिक बचे हुए मैचों में चार विकेट हासिल कर 100 विकेट तक पहुंच जाएं। 

युजवेंद्र चहल को नहीं मिला साल 2023 से अब तक मौका

इस बीच युजवेंद्र चहल केवल देखते ही रह जाएंगे और हार्दिक उनसे आगे निकल जाएंगे। दरअसल युजवेंद्र चहल ने 80 टी20 इंटरनेशनल मैच भारत के खिलाफ खेलकर 96 विकेट ही लिए हैं। लेकिन साल 2023 से लेकर अब तक चहल ने भारत के लिए कोई टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है। ऐसे में चहल वहीं थमे रहे, लेकिन अर्शदीप 100 तक पहुंच गए और अब हो सकता है कि जल्द ही हार्दिक भी चहल को पीछे कर 100 विकेट के आंकड़े तक पहुंच जाएं। 

यह भी पढ़ें 

संजू सैमसन बड़े मुकाम के बेहद करीब, क्या एशिया कप में ही कर पाएंगे हासिल

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को धमाकेदार अंदाज में चटाई धूल, सीरीज में हासिल कर ली बढ़त; हीरो बने 2 प्लेयर्स

Latest Cricket News