1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. हा​र्दिक पांड्या इस सीरीज के लिए बनेंगे टीम इंडिया के नए कप्तान!

हा​र्दिक पांड्या इस सीरीज के लिए बनेंगे टीम इंडिया के नए कप्तान!

आईपीएल 2022 के बाद अब टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका से पांच टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी। इसके लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है।

Hardik Pandya-Virat Kohli- India TV Hindi
Image Source : PTI Hardik Pandya-Virat Kohli

Highlights

  • नौ जून से शुरू हो रही है भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज
  • एक जुलाई से खेला जाएगा भारत और इंग्लैंड के बीच एकमात्र टेस्ट मैच
  • 26 और 28 जून को खेले जाएंगे भारत और आयरलैंड के बीच दो टी20 मैच

आईपीएल 2022 में हार्दिक पांड्या ने कमाल का प्रदर्शन किया है। उनकी टीम गुजरात टाइटंस ने आईपीएल के 15वें सीजन की ट्रॉफी भी जीत ली है। हार्दिक पांड्या पहली बार आईपीएल में कप्तानी कर रहे थे, जिसमें वे पास होते हुए नजर आ रहे हैं। पहले मैच से लेकर आखिरी मैच तक टीम ने लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया। अब खबरें इस तरह की हैं कि इसी का ईनाम हार्दिक पांड्या को मिल सकता है। वे टीम इंडिया के कप्तान बनाए जा सकते हैं। हालांकि इस बारे में अभी पक्के तौर पर कुछ नहीं कहा सकता है। 

भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए केएल राहुल बने हैं कप्तान 
आईपीएल 2022 के बाद अब टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका से पांच टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी। इसके लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। सीरीज का पहला मैच नौ जून को होगा, इसके बाद आखिरी मैच 19 जून को खेला जाएगा। टी20 सीरीज के लिए रोहित शर्मा, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह जैसे सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया है। इस सीरीज के तुरंत बाद भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर जाएगी, जहां टेस्ट सीरीज के अलावा टी20 और वन डे सीरीज होगी। सीरीज की शुरुआत टेस्ट मैच से होगी। पहला टेस्ट मैच एक जुलाई से खेला जाना है। इससे पहले भारतीय टीम 24 से 27 जून तक एक प्रैक्टिस मैच भी खेलेगी। इस बीच खबरें हैं कि दक्षिण अफ्रीकी सीरीज के लिए जिस टीम इंडिया का ऐलान किया गया है, उसके कुछ खिलाड़ी सीरीज को बीच में ही छोड़कर इंग्लैंड टूर पर रवाना हो सकते हैं। 

भारत बनाम आयलैंड सीरीज के लिए कप्तान बन सकते हैं हार्दिक पांड्या
खास बात ये भी है कि 26 से 28 जून तक भारतीय टीम को आयलैंड के खिलाफ दो टी20 मैच भी खेलने हैं। इन दो मैचों के लिए हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाया जा सकता है, क्योंकि सभी सीनियर खिलाड़ी इंग्लैंड में होंगे और प्रैक्टिस मैच खेल रहे होंगे। ऐसे में हार्दिक पांड्या एक बेहतर वि​कल्प हो सकते हैं। वैसे तो भारत दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए भी हार्दिक पांड्या का नाम कप्तानी के लिए चल रहा था, लेकिन सेलेक्टर्स ने केएल राहुल को कप्तान बनाया है। केएल राहुल टेस्ट सीरीज वाले स्क्वायड में भी शामिल हैं। उम्मीद पूरी है कि आयरलैंड वाली सीरीज के लिए हा​र्दिक पांड्या कप्तान बनाए जा सकते हैं और आईपीएल में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया जा सकता है। आने वाले कुछ ही दिन में इस सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया जाएगा और साफ हो जाएगा कि कप्तानी ​किसे दी जा रही है। 

Latest Cricket News