Hardik Pandya T20 World Cup 2022 : टीम इंडिया में आने वाले कुछ वक्त में बड़े बदलाव देखने के लिए मिल सकते हैं। भारतीय टीम इस वक्त वेस्टइंडीज के दौरे पर है और इसके बाद वन डे सीरीज के लिए जिम्बाब्वे का दौरा होना है। इसके तुरंत बाद एशिया कप 2022 खेला जाएगा। जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है, तीन वन डे मैचों की सीरीज की कमान एक बार फिर से शिखर धवन को दी गई है। वहीं, आने वाले कुछ ही दिन में एशिया कप के लिए भी टीम इंडिया का सेलेक्शन होना है। सबसे बड़ी बात इस साल अक्टूबर और नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप खेला जाना है। तब तक भारतीय टीम कई बदलाव के दौर से गुजरेगी। इस बीच खबर ये आ रही है कि टीम इंडिया के कप्तान तो रोहित शर्मा बने रहेंगे, साथ ही उपकप्तान की जिम्मेदारी हार्दिक पांड्या को दी जा सकती है। माना जा रहा है कि टी20 विश्व कप से पहले हार्दिक पांड्या भारतीय टीम के उपकप्तान बन जाएंगे।
Image Source : Getty ImagesKL Rahul
अभी तक केएल राहुल थे भारतीय टीम के उपकप्तान
अभी टीम इंडिया के उपकप्तान केएल राहुल हुआ करते थे। लेकिन आईपीएल 2021 के बाद से अभी तक उन्होंने कोई भी मैच नहीं खेला है। ऐसे में हर सीरीज में कप्तान तो बदल ही रहे हैं, साथ ही उपकप्तान भी बदलते रहे हैं। कभी हार्दिक पांड्या उपकप्तान बने तो कभी रवींद्र जडेजा उपकप्तान बने। लेकिन अब ऐसा लगता है कि बीसीसीआई केएल राहुल की जगह हार्दिक पांड्या को परमानेंट उपकप्तान बनाने की तैयारी कर रहे हैं। इस बात का खुलासा इनसाइड स्पोर्ट्स की एक रिपोर्ट में किया गया है। बीसीसीआई के एक अधिकारी ने इनसाइड स्पोर्ट्स से बात करते हुए कहा है कि हार्दिक पांड्या एक विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं और उन्हें पूरी फिटनेस के साथ टीम में वापस करना बहुत अच्छा है। उन्हें उपकप्तान बनाया जाएगा या नहीं यह चयनकर्ताओं पर निर्भर है। एक ऑलराउंडर के तौर पर वह दोनों स्थितियों को समझते हैं। उनके पास शानदार नेतृत्व कौशल है और हमने आईपीएल में ऐसा देखा है। वह निश्चित रूप से अच्छा करेंगे। बीसीसीआई अधिकारी ने ये भी कहा है कि एक ऑलराउंडर होने के नाते अपने वर्कलोड को मैनेज करना महत्वपूर्ण है। हमारे पास बहुत सारे टी 20 और वन डे मैच आ रहे हैं और एक ऑलराउंडर के लिए तीनों फॉर्मेट में खेलना संभव नहीं होगा। इसके बजाय, वह टी20 और वन डे पर ध्यान केंद्रित करेंगे। अधिकारी ने कहा है कि जहां तक टेस्ट की बात है तो हमारे पास ऑलराउंडर स्लॉट के लिए रवींद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर हैं और उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है। एक बार जब दीपक चोट से वापस आएंगे तो उनके नाम पर भी टेस्ट के लिए विचार किया जाएगा।
Image Source : IPLHardik Pandya and Ashish Nehara
हार्दिक पांड्या ने अपनी कप्तानी में गुजरात टाइटंस को दिलाया आईपीएल का खिताब
यानी एशिया कप 2022 या फिर टी20 विश्व कप 2022 से पहले हार्दिक पांड्या टीम इंडिया के उपकप्तान बन सकते हैं। इसका मतलब ये भी होगा कि जब वन डे और टी20 में रोहित शर्मा रेस्ट करेंगे तो हार्दिक पांड्या कप्तानी के लिए पहली च्वाइस बन जाएंगे। हार्दिक पांड्या ने पिछले साल अपनी टीम गुजरात टाइटंस को पहली ही बार में आईपीएल 2021 का खिताब दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। उस दौरान उनकी कप्तानी की खूब तारीफ भी हुई थी। इतना ही नहीं बीसीसीआई ने इसका इनाम देते हुए आयरलैंड दौरे पर उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी पहली बार दी थी और उसमें भी वे उम्मीदों पर खरे उतरे थे। वहीं केएल राहुल की बात की जाए तो कभी इंजरी तो कभी कोरोना के कारण वे टीम इंडिया के साथ नहीं जुड़ पा रहे हैं। ऐसे में जल्द ही हार्दिक पांड्या का प्रमोशन हो जाए तो कोई बड़ी बात नहीं होनी चाहिए।
Latest Cricket News