1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. हरमनप्रीत कौर का साउथ अफ्रीका से मिली हार पर फूटा गुस्सा, फील्डिंग और खराब गेंदबाजी को ठहराया जिम्मेदार

हरमनप्रीत कौर का साउथ अफ्रीका से मिली हार पर फूटा गुस्सा, फील्डिंग और खराब गेंदबाजी को ठहराया जिम्मेदार

IND W vs SA W: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम को मैनचेस्टर के स्टेडियम में खेले गए साउथ अफ्रीकी टीम के खिलाफ मुकाबले में 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

Harmanpreet Kaur- India TV Hindi
Image Source : AP हरमनप्रीत कौर

आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने ग्रुप-ए में अपने शुरुआती दो मुकाबलों में तो जीत हासिल की थी, लेकिन मैनचेस्टर के स्टेडियम में खेले गए तीसरे मुकाबले में जो साउथ अफ्रीका महिला टीम के खिलाफ था उसमें उन्हें 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 158 रनों का स्कोर बनाया था, जिसको साउथ अफ्रीकी महिला टीम ने 19.1 ओवर्स में हासिल कर लिया। टूर्नामेंट में मिली पहली हार के बाद टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर काफी निराश नजर आईं जिसमें उन्होंने टीम के प्रदर्शन को लेकर खराब गेंदबाजी और फील्डिंग को सबसे बड़ा कारण बताया।

इस स्तर पर हमें मौकों का फायदा उठाना चाहिए

साउथ अफ्रीकी महिला टीम के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मुकाबला हारने के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में कहा कि हमें मुकाबले के बीच में विकेट हासिल करने के कुछ मौके मिले थे, लेकिन हम उनका फायदा नहीं उठा सके। अभी हमारे पास दो मैच बाकी हैं और हमको पॉजिटिव रहने की जरूरत है। इस मैच में श्री चरणी और शैफाली दोनों ने काफी अच्छी गेंदबाजी और उन्होंने कुछ मौके भी बनाए, लेकिन दूसरे गेंदबाजों ने उनका उम्मीद के अनुसार साथ नहीं दिया। इस स्तर पर मौकों का फायदा उठाना जरूरी है। अभी हमारे पास अगले मुकाबले से पहले 2 से तीन दिन का समय है जिसमें हमें बैठकर टीम के कॉम्बिनेशन को लेकर प्लानिंग करनी होगी क्योंकि यदि आप इस लेवल पर मिले मौकों का फायदा उठाने से चूकते हैं तो आपको फिर आसानी से कोई कुछ नहीं देता है।

टीम इंडिया के लिए अब सेमीफाइनल में पहुंचने की राह हुई कठिन

भारतीय महिला टीम इस मैच में मिली हार के बाद अभी भी ग्रुप-ए की प्वाइंट्स टेबल में तीन मैच खेलकर 4 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर काबिज है, जिसमें साउथ अफ्रीका के मुकाबले टीम इंडिया का नेट रनरेट काफी बेहतर है। वहीं टीम इंडिया को सेमीफाइनल में पहुंचने की रेस में यदि बने रहने है तो उनको ग्रुप स्टेज के बचे अपने आखिरी दोनों ही मुकाबलों में जीत हासिल करना जरूरी है। इसमें अगले मैच में उनका सामना 25 जून को बांग्लादेश महिला टीम से होगा जबकि 28 जून को ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम के खिलाफ मुकाबला खेलना होगा।

ये भी पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी का ट्राई सीरीज में कैसा रहा प्रदर्शन, 5 मैचों में लगाए इतने चौके-छक्के

T20 वर्ल्ड कप में जीत से साउथ अफ्रीका महिला टीम को हुआ फायदा, पॉइंट्स टेबल में टीम इंडिया किस नंबर पर

Latest Cricket News