IND vs SA: दूसरे ODI से ठीक पहले भारतीय खिलाड़ी को लगा झटका, ICC ने सुनाई कड़ी सजा
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही ODI सीरीज के बीच बड़ी खबर आई है। ICC ने भारतीय गेंदबाज को फटकार लगाई है।

Harshit Rana: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच ODI सीरीज का दूसरा मुकाबला 3 दिसंबर को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाना है। इस मुकाबले से ठीक पहले भारतीय टीम के तेज गेंदबाज हर्षित राणा को तगड़ा झटका लगा है। ICC ने हर्षित राणा को उनकी एक हरकत के लिए फटकार लगाई है। साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट जोड़ा गया है।
दरअसल, हर्षित राणा ने रांची में खेले गए पहले ODI के दौरान हुई एक ऐसी हरकत की, जिसकी वजह से ICC ने उन्हें यह कड़ी फटकार लगाई है। राणा पर ICC कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल-1 के उल्लंघन के चलते यह कार्रवाई की गई है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले ODI में हर्षित ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 10 ओवर में 65 रन देकर 3 बल्लेबाजों का शिकार किया। इस शानदार प्रदर्शन के बावजूद हर्षित राणा को फटकार सुननी पड़ी है।
22वें ओवर में घटी घटना
दूसरे ODI के दौरान आक्रामक सेलिब्रेशन के कारण राणा को ICC ने फटकार लगाई है। हर्षित को ICC के प्लेयर्स और प्लेयर सपोर्ट स्टाफ के लिए कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.5 के उल्लंघन का दोषी पाया गया, जो इंटरनेशनल मैच के दौरान आउट होने पर बल्लेबाज को बेइज्जत करने वाली भाषा, हरकतें या इशारे करने से जुड़ा है, या जिससे बैटर को गुस्सा आ सकता है। ICC ने बताया कि हर्षित ने साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस का विकेट लेने के बाद आक्रामक अंदाज में सेलिब्रेट किया, जो विपक्षी खिलाड़ी को उकसाने वाला माना गया। यह घटना साउथ अफ्रीका की पारी के 22वें ओवर में घटी, जब हर्षित ने ब्रेविस को आउट करने के बाद डगआउट की तरफ इशारा किया। मैच रेफरी ने राणा की इस हरकत को कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन की श्रेणी में पाया।
हर्षित ने मानी अपनी गलती
यह पिछले 24 महीनों में हर्षित का पहला अपराध है और उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए मैच रेफरी रिची रिचर्डसन द्वारा प्रस्तावित सजा मान ली है। लिहाजा आगे किसी सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी। फील्ड अंपायर जयरामन मदनगोपाल और सैम नोगाज्स्की, थर्ड अंपायर रॉड टकर और फोर्थ अंपायर रोहन पंडित ने राणा पर ये आरोप लगाए। बता दें, लेवल 1 के उल्लंघन में कम से कम ऑफिशियल फटकार, ज्यादा से ज्यादा मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना और एक या दो डिमेरिट पॉइंट की सजा हो सकती है।
यह भी पढ़ें:
T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले इस देश का दौरा करेगा पाकिस्तान, एक ही शहर में खेले जाएंगे सभी मैच